Newshaat_Logo

रामगढ़ में संगठित अपराध पर सख्ती, डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों पर सीधी कार्रवाई के दिए निर्देश

Ramgarh: बैठक के दौरान डीआईजी अंजनी कुमार ने कहा कि जिले में सक्रिय संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित हो. उन्होंने अपराधियों की पहचान कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.
 
DIG-meeting-on-organized-crime-in-ramgarh-jharkhand

Ramgarh: रामगढ़ जिले में बढ़ते संगठित अपराध को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. इस संबंध में डीआईजी ने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं. डीआईजी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठित अपराध, अवैध वसूली, कोयला और बालू से जुड़े अपराध, हथियार तस्करी और गैंगवार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. इस कड़ी में रामगढ़ एसपी कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. जिसकी अध्यक्षता हजारीबाग प्रक्षेत्र के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने की. बैठक में रामगढ़ एसपी अजय कुमार सहित सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान डीआईजी ने पुलिस अफसरों को कई दिशा निर्देश दिए.

बैठक के दौरान डीआईजी अंजनी कुमार ने कहा कि जिले में सक्रिय संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित हो. उन्होंने अपराधियों की पहचान कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.

अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देंः एसपी

इस दौरान एसपी अजय कुमार ने भी बैठक में मौजूद सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने नियमित रूप से गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी करने और खुफिया तंत्र को मजबूत बनाने की बात कही.

बैठक में अपराध की रोकथाम के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई. जिसमें संगठित गिरोहों पर कार्रवाई, वारंटियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियार और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.

अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा

वहीं बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डीआईजी अंजनी कुमार झा ने कहा कि इन दिनों लगातार किसी एक खास अपराधी का नाम लेकर दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है. हालांकि रामगढ़ पुलिस ने कई मामलों में दहशत फैलाने वाले अपराधियों को गिरफ्तार किया है और कई कांडों का खुलासा भी किया है. बैठक में इसको लेकर समीक्षा की गई है.

DIG Meeting In Ramgarh

रामगढ़ एसपी के साथ कांडों की समीक्षा करते डीआईजी. (फोटो-ईटीवी भारत)

उन्होंने कहा कि अपराधियों के पूरे नेटवर्क को खत्म करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की तत्परता और सख्ती से जिले में अपराधियों के मनोबल को तोड़ा जाएगा.बैठक के बाद यह साफ संकेत मिल रहा है कि रामगढ़ पुलिस अब ऑर्गेनाइज्ड क्राइम के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाने की तैयारी में है.