रांची की सड़कों पर बढ़ेगी सख्ती, ₹190 करोड़ ट्रैफिक चालान वसूली के लिए अब सीधी कार्रवाई शुरू
Ranchi: राजधानी रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. शहर में अलग-अलग मामलों में काटे गए ट्रैफिक चालानों का बकाया आंकड़ा करीब ₹190 करोड़ तक पहुंच गया है. लंबे समय से चालान नहीं भरने वालों के खिलाफ अब वाहन जब्ती की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी है.

पिछले 6 सालों में केवल बकाया चालान की रकम 190 करोड़ रुपये पहुंच चुकी है. रांची में कई चालक तो ऐसे हैं जिनके वाहन का 100 चालान कट गया लेकिन उन्होंने एक बार भी फाइन जमा नहीं किया. रांची पुलिस अब वैसे चालक जो आदतन चालान जमा नहीं कर रहे हैं, उनके वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर चुकी है.
2022 की स्थिति
साल 2022 में मैन्युअल तरीके से 75,267 चालान काटे गए. वहीं सीसीटीवी के जरिए 3,412 चालान कटे. इस दौरान जुर्माने की कुल रकम 95 लाख के करीब हुई. साल 2022 में 40,959 लोगों ने अपने-अपने चालान की राशि जमा कर दी. जिसके बाद बकाया राशि 60 लाख के करीब बाकी रह गई. 2022 में पेंडिंग चालान की संख्या 37,662 रही.
2023 की स्थिति
साल 2023 में ऑटोमेटिक कैमरे पूरी तरह से काम करने लगे. इसलिए अब मैन्युअल चालान बहुत कम कटने लगा. 2023 में कुल 2,94,578 चालान काटे गए. इसमें से सीसीटीवी कैमरे के जरिए 2,08,612 चालान काटे गए थे. ट्रैफिक पुलिस के द्वारा चालान के तीन करोड़ रुपये जुर्माना के तौर पर वसूले गए, लेकिन 13 करोड़ रुपये 2023 के भी पेंडिंग रह गए.
2024 की स्थिति
साल 2024 में ऑटोमेटिक कैमरा के द्वारा 5,06,869 और मैन्युअल तरीके से 64,017 चालान कटे. टोटल चालान 5,70,886 रुपये हुआ. 2024 में 84,020 चालान का डिस्पोजल किया गया. उसके बाद भी पेंडिंग चालानों का आंकड़ा 4,86,866 रहा. इस दौरान जुर्माने की टोटल राशि 5 करोड़ के लगभग थी जिसमें से सरकार के खाते में लगभग 60 लाख रुपए जमा हुए.

2025 की स्थिति
साल 2025 में ऑटोमेटिक कैमरा की मदद से 8,00,224 और मैन्युअल 87,072 चालान कटे यानी टोटल चालान 8,87,296 रहा. साल 2025 में 82,552 चालान के जुर्माने की 62 लाख रुपये सरकारी खजाने में जमा हुए, लेकिन 72 लाख रुपये बकाए भी रह गए. साल 2025 में पेंडिंग चालान की संख्या 8,04,744 रही.
साल 2026 के अप्रैल तक की स्थिति
साल 2026 के जनवरी महीने से लेकर अप्रैल महीने तक ऑटोमेटिक कैमरा के जरिए 2,04,412 और मैन्युअल तरीके से 56,826 चालान काटे गए. टोटल संख्या 2,61,238 रही. 2026 में अब तक ट्रैफिक पुलिस ने कुल 14,815 चालान को डिस्पोज किया है यानी इसके पैसे(जुर्माना) जमा कर दिए गए. अप्रैल महीना तक ही पेंडिंग चालान की संख्या 2,46,423 पहुंच चुकी है.

कटे चालान (Etv Bharat)
हैरत में पुलिस, एक ही बाइक का 100 बार कटा चालान
रांची की ट्रैफिक पुलिस के जवान कड़ी धूप, बरसात से लेकर कड़ाके की ठंड में ड्यूटी करते हैं. लेकिन हर दिन दर्जनों लोग तमाम जागरूकता अभियान के बावजूद आदतन ट्रैफिक नियमों को तोड़ते हैं. जिसकी वजह से उनका नियमित चालान भी कट रहा है. 190 करोड़ चालान यूं ही नहीं बकाया हैं. इसके पीछे ये पता चलता है कि राजधानी में अधिकांश वाहन चालक बेहद लापरवाह हैं.
रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि रांची में एक ऐसे बाइक सवार को पकड़ा गया जिसका अकेले ही 100 चालान कटा था. उसके वाहन को जब्त कर लिया गया है. स्थिति यह है कि जितना उसका मूल्य नहीं है उससे अधिक जुर्माने की राशि हो गई है. लेकिन जो नियम और कायदे हैं उसके अनुसार जुर्माने की राशि जमा करनी ही पड़ेगी. विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. अब ऐसे मामलों को लेकर वाहन जब्ती की कार्रवाई शुरू की जाएगी.

चालान कटने के पीछे लापरवाही सबसे बड़ी वजह
राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों की उल्लंघन करने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है. खासकर दो पहिया वाहन चलाने वाले लोग जमकर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं. जो ताजा आंकड़े हैं, उनके अनुसार दोपहिया और व्यावसायिक वाहन चालकों का बकाया करोड़ों में पहुंच चुका है.
आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन बाइक सवारों के द्वारा किया जा रहा है. रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस का काम जुर्माना काटना नहीं है. जुर्माना तो एक डर है ताकि आप अपने जीवन के प्रति सचेत रह सके, क्योंकि ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वाले लोग ही हादसों का शिकार होते हैं.
190 करोड़ के वसूली के लिए क्या कर रही पुलिस
रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि साल 2026 के अप्रैल महीने तक ट्रैफिक चालान का 190 करोड़ रुपए बकाया हो चुका है. ट्रैफिक पुलिस के द्वारा लगातार वैसे बकायदार जिन्होंने चालान जमा नहीं किया है, उन्हें मैसेज भेज कर अलर्ट भी किया जा रहा है. कुछ लोगों ने मैसेज देखकर जुर्माने की राशि भी जमा कर दी, लेकिन अधिकतर लोग ऐसा नहीं कर रहे हैं.
ऐसे में अब पुलिस के द्वारा बड़े बकायादारों के वाहनों को जब्त करना शुरू कर दिया गया है. जिन वाहन चालकों के ऊपर हजारों रुपये का बकाया है, अगर उनके वाहन चेकिंग में पकड़े जाते हैं तो फिर बिना जुर्माना (पूरी रकम) जमा किए बिना उनके वाहन नहीं छोड़े जाएंगे. वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में रखा जाएगा.
डिजिटल माध्यम से भुगतान की सुविधा
ट्रैफिक विभाग ने चालान जमा करने के लिए ऑनलाइन और डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई है. इसके बावजूद लोग समय पर भुगतान नहीं कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि भुगतान प्रक्रिया आसान होने के बावजूद लापरवाही बरती जा रही है.
जागरूकता अभियान भी तेज
सख्ती के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस जागरूकता अभियान भी चला रही है. लोगों को नियमों का पालन करने और समय पर चालान जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाकर नियमों की जानकारी दी जा रही है. वहीं सोशल मीडिया पर भी लगातार पोस्ट किए जा रहे हैं.
झारखंड में भी हर दिन सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं. सड़क हादसों के कारण मौतों की संख्या भी बढ़ रही है. झारखंड पुलिस के आंकड़े भी यही गवाही दे रहे हैं. आकड़ों के अनुसार, हादसों की ज्यादातर वजह नियमों का उलंघन ही है. झारखंड में भी हर महीने औसतन 12 लोगों की मौत सड़क हादसों में हो रही है. आंकड़ों के अनुसार, साल 2025 में जनवरी महीने से लेकर दिसंबर महीने तक सड़क हादसों को लेकर करीब 5200 कांड दर्ज किए गए. इन हादसों में लगभग 4200 लोगों की मौत हो गई. साल 2024 में जनवरी से लेकर दिसंबर तक 4699 कांड दर्ज किए गए, जिनमें 3708 लोगों ने अपनी जान गवा दी.
190 करोड़ का चालान बकाया
बिना हेलमेट, ओवर स्पीड, ट्रिपल राइड, ड्रंक एंड ड्राइव, बिना सीट बेल्ट पहने ड्राइविंग, रेड लाइट जंप और नो पार्किंग एरिया में पार्किंग करने की वजह से साल 2021 से लेकर साल 2026 के अप्रैल महीने तक रांची में लगभग सवा दो सौ करोड़ रुपये का चालान कटा है. जिसमे से अब तक मात्र 30 से 40 करोड़ रुपये ही चालान की राशि लोगों के द्वारा जमा की गई है, जबकि 190 करोड़ का चालान अब भी बकाया है.
ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग के अनुसार, बार-बार नोटिस जारी करने और जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने चालान का भुगतान नहीं किया है। इसे देखते हुए झारखंड पुलिस और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाएंगे।
क्या होगी कार्रवाई
- बकाया चालान वाले वाहनों की पहचान
- सड़कों पर विशेष चेकिंग अभियान
- चालान नहीं भरने पर वाहन जब्त
- आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने ट्रैफिक चालान का भुगतान कर लें, ताकि सख्त कार्रवाई से बचा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है







