राजनीति से समाज तक महिलाओं की मजबूत भागीदारी पर जोर, रांची और कोडरमा के सम्मेलनों में दिखा नारी शक्ति का संकल्प...
Ranchi: नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिला सशक्तिकरण पर इन दिनों जोर दिया जा रहा है. इस अधिनियम से होने वाले लाभ के बारे में महिलाओं को बताया जा रहा है. इसी उद्देश्य से मंगलवार को रांची के मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन सह पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं. जिनका स्वागत पुष्प वर्षा कर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने किया.
इस मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि 2023 में जब यह बिल सदन में लाया गया था तो विपक्ष सवाल खड़ा कर रहा था कि यह कब से लागू होगा. अब तो 16, 17 और 18 अप्रैल को विशेष चर्चा के बाद इसे लागू 2029 से कर दिया जाएगा. जाहिर तौर पर विपक्ष को करारा जवाब मिलेगा. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सभी दल साथ में खड़े हैं और मेरा मानना है कि सर्वसम्मति से यह बिल पास होगा और कानून बनेगा. कानून बनने के बाद 33 प्रतिशत यानी 100 में 33 महिलाएं सांसद और विधायक बनेंगी.
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि मुझे विश्वास है कि जब इस पर चर्चा होगी तो सभी दल खड़े होकर प्रधानमंत्री जी के इस निर्णय का स्वागत करेंगे. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मना रहे हैं. उनकी सोच थी कि आधी आबादी को अधिकार मिले और उन्हें सशक्त किया जाए. इस सम्मेलन के जरिए एक-एक महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को एक-एक सांसद को धन्यवाद दे रही है कि आपने अद्भुत काम किया है.
बाबूलाल मरांडी और रांची मेयर ने किया संबोधित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कई काम किए हैं. लेकिन आज तो सबसे बड़ा काम हुआ है और 2029 से यह लागू हो जाएगा. इससे हमारी मां-बहन देश को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. उन्होंने कहा कि इस बिल पर 16, 17 और 18 अप्रैल को सदन में बहस होगी और अधिनियम पास होगा. इसके जरिए मां-बहनें विधायक-सांसद बनेंगी. वहीं रांची मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि नारी देश को भी चला सकती है, इसे समझने का काम प्रधानमंत्री ने किया है. मेयर ने कहा कि इस बिल के जरिए महिलाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अवसर मिलेगा.
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कोडरमा के झुमरी तिलैया स्थित शिव वाटिका में सम्मेलन आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बतौर अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और विधायक डॉ नीरा यादव शामिल हुईं. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली. अधिनियम को लेकर आयोजित जश्न में अलग-अलग सामाजिक संगठनों के साथ कामकाजी और घरेलू महिलाएं उपस्थित रहीं. मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि इस निर्णय का व्यापक स्वागत हो रहा है. सरकार के इस पहल से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें समाज में नई पहचान मिलेगी.
वहीं विधायक डॉ नीरा यादव ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पहलुओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से अब राजनीति में भी महिलाओं की सुनिश्चित भागीदारी होगी, जिससे महिलाएं और सशक्त होंगी.







