तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, झारखंड के कई हिस्सों में 50-60 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं
Jharkhand Weather Update: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए तेज हवा, आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मई महीने की शुरुआत से ही राज्य के सभी जिलों में मौसम सुहाना हो गया है. मौसम विभाग ने नौ मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में कमी रहने की संभावना जताई है. वहीं चार और पांच मई को राज्य के 17 जिलों में आकाश में बादल छाये रहने और कहीं-कहीं 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गयी है. इसके साथ ही मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ-साथ बारिश की संभावना है.
ऑरेंज अलर्ट जारी
4 मई को रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, दुमका, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में तेज हवा चलने के साथ बादल गरजने और हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं पांच मई को रांची सहित खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिले में 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने चार और पांच मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
कहां कितना रहा तापमान
रांची जिले का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि मेदिनीनगर का 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर और गुमला में 34.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. खूंटी में 32.2, लोहरदगा में 35.2 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. हजारीबाग का तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस रहा. कोडरमा में 35.0, गढ़वा में 38.0, रामगढ़ में 34.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. चतरा में 36.0 डिग्री और बोकारो में 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. चाईबासा में 35.4 और पाकुड़ में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.







