पुल के नीचे संदिग्ध हालत में मिली छात्रा की लाश, पुलिस ने हत्या की जताई आशंका...
Giridih: दो दिनों से लापता एक छात्रा की लाश मुफ्फसिल थाना इलाके के बरगंडा पुराना पुल के पास उसरी नदी पर मिली है. मृतका की पहचान पायल कुमारी (पिता जागेश्वर दास) के रूप में हुई है. वह 11वीं की छात्रा थी और सिलाई का प्रशिक्षण लेने के साथ साथ बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का भी काम करती थी.
ट्यूशन के बाद घर नहीं लौटी छात्रा
घटना को लेकर मृतका का चचेरे भाई पिंटू कुमार दास ने बताया कि उसकी बहन पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को पढ़ाती भी थी. हर रोज वह सुबह निकलती थी और दोपहर 2 बजे तक घर वापस आ जाती थी. सोमवार (18 मई) की सुबह ट्यूशन बोलकर घर से निकली. चूंकि ट्यूशन (कम्प्यूटर क्लास) करने के साथ-साथ पटेल नगर में बच्चों को पढ़ाने का काम भी करती थी, जिसके बाद वह लगभग दोपहर दो बजे तक घर लौट आती थी.
लेकिन सोमवार को दो बजे तक नहीं लौटी तो मम्मी ने पायल को फोन करके पूछी. जिस पर पायल ने कहा कि ब्लॉक में सिलाई करने के बाद वह निकल रही है. 10 मिनट में घर आ जाएगी. 10 मिनट में नहीं लौटी तो दोपहर तीन बजे फिर से फोन लगाया गया लेकिन इस बार मोबाइल बंद मिला. ऐसे में अपने स्तर से खोजबीन शुरू की गई लेकिन कुछ भी पता नहीं चला. फिर देर शाम को पुलिस को सूचित किया गया. पुलिस ने भी खोजबीन की.
पायल के मोबाइल डिटेल को निकाला गया. पायल की सहेलियों से भी जानकारी ली गई लेकिन कुछ भी पता नहीं चला. इस बीच बुधवार की सुबह उसकी लाश पुल के नीचे मिली. पिंटू कहता है कि घटना की जांच हो और जो भी दोषी है उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई भी.
एसडीपीओ ने की जांच
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के साथ अवर निरीक्षक विवेक माधुरी पहुंचे. घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एसडीपीओ ने कहा कि छात्रा लापता थी. उसकी लाश मिली है. पूरे मामले की जांच चल रही है.







