Newshaat_Logo

सुदिव्य सोनू को अंतिम विदाई: हेमंत-कल्पना हुए भावुक, राज्यपाल समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Ranchi: झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गिरिडीह में श्रद्धांजलि सभा हुई. सीएम हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, राज्यपाल संतोष गंगवार समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी. रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा.
 
JHARKHAND

Ranchi: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक शोक की लहर है। रविवार को गिरिडीह में उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में राजनीतिक नेता, प्रशासनिक अधिकारी और समर्थक पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, आईजी, डीआईजी, गिरिडीह के एसपी और डीसी समेत कई लोगों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन सुदिव्य सोनू के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के दौरान बेहद भावुक नजर आए। शोकाकुल माहौल में दोनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को ढांढस बंधाया।

श्रद्धांजलि देने गिरिडीह पहुंचे सुप्रीयो भट्टाचार्य

सुप्रीयो भट्टाचार्य ने भी दी श्रद्धांजलि

झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य रविवार को गिरिडीह पहुंचे और सुदिव्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मंत्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने दी श्रद्धांजलि

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी मौजूद रहे। दोनों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत मंत्री के योगदान को याद किया।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपने एक्स अकाउंट पर भावुक पोस्ट करते हुए लिखा, “अचानक छोड़कर कहां चले गए भाई।” उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर पर विश्वास करना मुश्किल है। दो दिन पहले तक साथ बैठकर राज्य और समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने वाला अपना व्यक्ति अचानक हमेशा के लिए दूर हो जाएगा, यह सोचकर ही मन विचलित हो उठता है।


भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा में भी दी गई श्रद्धांजलि

झारखंड में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पर निकले देवेंद्र नाथ महतो ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि यात्रा के 14वें दिन वह सिमडेगा पहुंचे, जहां कोर्ट मैदान में छात्रों और यात्रा में शामिल साथियों के साथ मौन व्रत रखकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी गई।


भाजपा ने भी जताया शोक

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका असामयिक निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है। उनके निधन से सार्वजनिक जीवन को अपूरणीय क्षति हुई है।