खूंटी में तनाव बरकरार: पथराव की घटना के विरोध में बंद सफल, सोमवार को मशाल जुलूस, मंगलवार को दोबारा बंद का ऐलान...
Ranchi: रामनवमी जुलूस के दौरान मुरहू में हुए कथित पथराव और उसके बाद की पुलिस कार्रवाई को लेकर खूंटी में तनाव लगातार बना हुआ है. सर्व सनातन समाज के आह्वान पर सोमवार को बुलाया गया बंद पूरी तरह सफल रहा, जिसका असर बाजार और यातायात पर साफ देखने को मिला.
सोमवार की शाम समाज के लोगों ने खूंटी मुख्यालय में मशाल जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया. यह जुलूस नेताजी चौक से भगत सिंह चौक तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का पुतला दहन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
आक्रोशित लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. संगठन के प्रतिनिधियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. जुलूस में जीतेंद्र कश्यप, प्रियांक भगत, अनूप साहू और मुकेश जायसवाल समेत कई लोग मौजूद रहे. आरोप लगाया गया कि प्रशासन की तरफ से उपद्रवियों को पकड़ने के बजाय निर्दोष लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है.
सोमवार को पूरे दिन रामनवमी समिति और अलग-अलग संगठनों से जुड़े लोगों ने घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन किया. प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. अब तक इस मामले में 10 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. संवेदनशील इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन का कहना है कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.







