10 साल का इंतजार खत्म! JTET परीक्षा की घोषणा, 21 अप्रैल से फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू, उम्र सीमा में राहत..
Ranchi: झारखंड में लंबे इंतजार के बाद शिक्षक बनने की राह देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. करीब एक दशक के अंतराल के बाद राज्य में फिर से झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) आयोजित की जाएगी. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी है. इसके तहत अभ्यर्थी 21 अप्रैल से 21 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
यह परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित होगी, प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8). अभ्यर्थियों को यह सुविधा दी गई है कि वे चाहें तो दोनों स्तर की परीक्षाओं में एक साथ शामिल हो सकते हैं. परीक्षा में बैठने के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष तय की गई है. जबकि अधिकतम आयु सीमा में इस बार विशेष छूट दी गई है.
दरअसल, राज्य में पिछली जेटेट परीक्षा वर्ष 2016 में हुई थी. इस लंबे अंतराल को देखते हुए अधिकतम आयु सीमा में 9 वर्षों की छूट प्रदान की गई है. इसके अलावा 58 वर्ष तक के पारा शिक्षक भी इस परीक्षा में भाग ले सकेंगे. जो उम्र सीमा के कारण अब तक वंचित रह जाते थे उन हजारों अभ्यर्थियों को इस फैसले से राहत मिलने की उम्मीद है.
परीक्षा पैटर्न में भी इस बार महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. अब अभ्यर्थियों को हर विषय में अलग-अलग पास होना अनिवार्य नहीं होगा. इसके बजाय ओवरऑल क्वालीफाइंग मार्क्स के आधार पर ही परिणाम तय किया जाएगा. सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 60 प्रतिशत अंक, जनजातीय और दिव्यांग वर्ग के लिए 55 प्रतिशत, जबकि पिछड़ा वर्ग, एससी/एसटी एवं अन्य आरक्षित श्रेणियों के लिए 52 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं. सिलेबस को भी अभ्यर्थियों की मांग के अनुरूप सरल किया गया है.
पहले जहां प्रश्नों का स्तर स्नातक आधारित होता था, अब इसे घटाकर इंटरमीडिएट और मैट्रिक स्तर के अनुरूप कर दिया गया है. परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी, जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा की अवधि ढाई घंटे निर्धारित की गई है और यह OMR शीट पर ली जाएगी. दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 30 मिनट का समय भी दिया जाएगा.
जैक के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने बताया कि लंबे समय से अभ्यर्थियों की मांग थी कि परीक्षा प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए. इस बार उसी दिशा में बदलाव किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक योग्य उम्मीदवारों को अवसर मिल सके.
वहीं, एक अभ्यर्थी राहुल ने कहा कि 9 साल की उम्र छूट हमारे लिए बहुत बड़ी राहत है. हम लोग लंबे समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे थे, अब तैयारी को लेकर उत्साह बढ़ गया है. संभावना जताई जा रही है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जून महीने तक परीक्षा आयोजित कर ली जाएगी. राज्य के विभिन्न जिलों में स्थानीय भाषाओं को भी परीक्षा में शामिल किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय अभ्यर्थियों को बेहतर अवसर मिल सके. जेटेट 2026 न केवल शिक्षक बनने की राह आसान करेगा, बल्कि लंबे समय से रुकी भर्ती प्रक्रिया को भी गति मिलेगी.







