Movie prime

26 दिनों से चल रही नॉन-टीचिंग स्टाफ की हड़ताल आखिरकार हुई खत्म, कर्मचारियों में खुशी का माहौल..मांगों पर बनी सहमति...

Ranchi: विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सोमवार को कर्मचारियों को एसीपी/एमएसीपी का भुगतान कर दिया जाएगा...
 
Jharkhand

Ranchi: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में एसीपी (Assured Career Progression) और एमएसीपी (Modified Assured Career Progression) की मांग को लेकर पिछले 26 दिनों से चल रही शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई.

विश्वविद्यालय प्रशासन और कर्मचारी संघ के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन वापस लेने की घोषणा कर दी गई है. हड़ताल समाप्त होने के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है और सभी कर्मचारी सोमवार से नियमित रूप से अपने-अपने कार्यस्थल पर लौटकर काम करेंगे.

कर्मचारी संघ के अनुसार कर्मचारियों की दो प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया गया है. इनमें पहली मांग एसीपी/एमएसीपी के भुगतान से संबंधित थी. इस मुद्दे पर विश्वविद्यालय की फाइनेंस कमेटी की बैठक में चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया है.
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सोमवार को कर्मचारियों को एसीपी/एमएसीपी का भुगतान कर दिया जाएगा.
कर्मचारियों की दूसरी प्रमुख मांग अनुबंध कर्मियों की सेवा विस्तार से जुड़ी थी. पहले विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अनुबंध कर्मियों का सेवा विस्तार केवल तीन महीने के लिए किया गया था, जिससे कर्मचारियों में असंतोष था. अब इस अवधि को बढ़ाकर फिर से 11 महीने कर दिया गया है. दोनों प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मचारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया.
कर्मचारी संघ ने बताया कि नए कुलपति प्रोफेसर राजीव मनोहर की पहल और लगातार संवाद के कारण ही यह समाधान संभव हो पाया है. पिछले दो दिनों में कुलपति की ओर से लगातार प्रयास किए गए, जिसके बाद फाइनेंस कमेटी की बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर निर्णय लिया गया.
डीएसपीएमयू शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के सचिव रोहित सिंह ने कहा कि कुलपति प्रोफेसर राजीव मनोहर के सकारात्मक प्रयास और पहल से कर्मचारियों की दोनों प्रमुख मांगों पर निर्णय लिया गया है.
फाइनेंस कमेटी में एसीपी-एमएसीपी भुगतान को लेकर प्रस्ताव पारित हो चुका है और अनुबंध कर्मियों के सेवा विस्तार की अवधि भी बढ़ा दी गई है. इसके बाद कर्मचारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है और सभी कर्मचारी सोमवार से अपने कार्य पर लौटेंगे.