SIR पर झारखंड में प्रशासन की बड़ी तैयारी, 12 से 16 अक्टूबर तक घर-घर पहुंचने की मुहिम
Jharkhand: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत मतदाताओं की सहायता के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष पहल की है। शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क लगाए जाएंगे। इसके बाद 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
![]()
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मेगा हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाता सूची से जुड़े लंबित मामलों, नो मैपिंग और विभिन्न विसंगतियों के समाधान में सहायता दी जाएगी। निर्वाचन विभाग का जोर पात्र नागरिकों को पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर है।
मेगा हेल्प डेस्क में BLA-2 की रहेगी सक्रिय भागीदारी
10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मेगा हेल्प डेस्क में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर अपने क्षेत्र के मतदाताओं की समस्याओं को सामने रख सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, यदि किसी मतदाता को एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सहायता की आवश्यकता है, तो संबंधित मुद्दे बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक में रखे जा सकते हैं। इससे लंबित मामलों और मतदाता सूची में दर्ज विसंगतियों के समाधान के लिए आवश्यक समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।
12 से 16 अक्टूबर तक घर-घर पहुंचेंगे BLO और अधिकारी
निर्वाचन विभाग की ओर से 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक विशेष आउटरीच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और संबंधित पदाधिकारी पात्र नागरिकों तक स्वयं पहुंचेंगे और उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहायता देंगे।
अभियान में दस्तावेजों, सत्यापन और मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य उन लोगों की मदद करना है, जिन्हें जानकारी, दस्तावेज या अन्य आवश्यक सहयोग की कमी के कारण निर्वाचन प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है।
बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और वंचित वर्गों पर विशेष ध्यान
विशेष आउटरीच अभियान के दौरान वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर समुदाय और अन्य कमजोर एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक पहुंचने की योजना है। इसके साथ ही वृद्धाश्रम, आश्रयगृह, शक्ति सदन, अनाथालय और अन्य संस्थानों में रहने वाले पात्र नागरिकों तक भी सहायता पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जानकारी या जरूरी सहयोग के अभाव में कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
पात्र मतदाताओं तक सहायता पहुंचाने पर जोर
झारखंड में एसआईआर-2026 के तहत आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों के माध्यम से निर्वाचन विभाग मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं की पहचान और उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास करेगा। 10 अक्टूबर को मेगा हेल्प डेस्क और 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान के जरिए पात्र नागरिकों को पंजीकरण, दस्तावेज और सत्यापन से जुड़ी प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।







