साल के अंतिम महीने की शुरुआत उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी, दिल्ली से Ranchi तक सिलेंडर के घटे दाम
Jharkhand Desk: साल 2025 के अंतिम महीने की शुरुआत उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी रही है. 1 दिसंबर से देशभर में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों के दाम घटा दिए गए हैं. इंडियन ऑयल की ताज़ा मूल्य सूची के अनुसार, कमर्शियल सिलेंडर पर लगभग 10 रुपये की कटौती लागू की गई है. दिल्ली और कोलकाता में कीमतों में 10 रुपये की कमी की गई है, जबकि मुंबई और चेन्नई में 10.50 रुपये की राहत मिली है. नई दरें आज से देशभर में लागू हो चुकी हैंहालांकि बीच में अक्टूबर में कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम 16 रुपये तक बढ़ा दिए गए थे.

कितना सस्ता हो गया एलपीजी गैस सिलिंडर?
IOCL यानी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, 19 किलो वाले गैस सिलिंडर की कीमतों में 10 रुपये तक की कमी की गई है. दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर अब 1580.50 रुपये का मिलेगा. पहले इसकी कीमत यहां 1590.50 रुपये थी. कोलकाता में अब इसकी कीमत 1,694 रुपये से कम होकर 1,684 रुपये हो गई है. मुंबई में इसकी कीमत अब 1,531 रुपये है, जो कि पहले 1,541 रुपये थी. वहीं चेन्नई में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर अब 1,749.50 रुपये की जगह 1739.50 रुपये में मिलेगा.

घरेलू गैस सिलिंडर का दाम
तेल मार्केटिंग कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं किया है. देश में 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलिंडर का दाम पुराना ही चल रहा है. ज्यादातर शहरों में इसकी कीमत 850 रुपये लेकर 960 रुपये के बीच है. राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां घरेलू एपीजी सिलेंडर 853 रुपये में मिल रहा है, जबकि मुंबई में 852.50 रुपये में मिल रहा है. लखनऊ में इसकी कीमत 890.50 रुपये, वाराणसी में 916.50 रुपये, अहमदाबाद में 860 रुपये, हैदराबाद में 905 रुपये और पटना में 951 रुपये है.







