बाल विवाह मुक्त भारत की मुहिम तेज, 5 करोड़ लोगों ने ली शपथ...झारखंड के 9,250 गांवों में अभियान
बाल विवाह के उन्मूलन के लिए पहली बार मनाए गए अंतरराष्ट्रीय दिवस पर देशभर में बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. पांच करोड़ से अधिक लोगों ने बाल विवाह खत्म करने का संकल्प लिया. अभियान की अगुवाई पांच लाख से अधिक महिला नेतृत्वकर्ताओं और बाल विवाह से उबर चुकी बेटियों ने की.
27 नवंबर को पहली बार मनाए गए अंतरराष्ट्रीय दिवस पर देशभर में जागरूकता कार्यक्रम, महिला नेतृत्वकर्ताओं और बाल विवाह से उबर चुकी बेटियों ने संभाली मुहिम की कमान
Jharkhand: बाल विवाह के खिलाफ देशभर में एक बड़े जनआंदोलन की तस्वीर सामने आई है। बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए पहली बार मनाए गए अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर पांच करोड़ से अधिक लोगों ने बाल विवाह खत्म करने का संकल्प लिया। इस देशव्यापी अभियान की अगुवाई पांच लाख से अधिक महिला नेतृत्वकर्ताओं और बाल विवाह का सामना कर चुकी बेटियों ने की।
देश के अलग-अलग हिस्सों में मशाल जुलूस, कैंडल मार्च, प्रभात फेरियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जागरूक किया गया। अभियान उन 1.33 लाख संवेदनशील गांवों तक भी पहुंचा, जहां बाल विवाह के मामले अधिक सामने आते हैं।
झारखंड के 9,250 गांवों में अभियान
झारखंड में भी बाल विवाह के खिलाफ व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। राज्य के 9,250 गांवों में 17,618 महिला नेतृत्वकर्ताओं ने अभियान की अगुवाई की। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 14,68,143 लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रमों का आयोजन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) और उसके सहयोगी संगठनों ने किया। यह नेटवर्क बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए जमीनी स्तर पर काम करता है।
संगठन के अनुसार, देश के सभी 782 जिलों में 300 से अधिक सहयोगी संगठनों के साथ काम करते हुए पिछले तीन वर्षों में 6.5 लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाने में योगदान दिया गया है। झारखंड के 24 जिलों में 23 सहयोगी संगठनों के साथ अभियान चलाया गया।
बाल विवाह से उबर चुकी बेटियों को किया गया सम्मानित
अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर कई जिलों में बाल विवाह का सामना कर चुकी महिलाओं को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने अपनी जिंदगी के अनुभव साझा किए और बताया कि किस तरह उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर अपने फैसले पर डटे रहने की हिम्मत दिखाई।
उनकी कहानियों से लड़कियों और परिवारों को बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा मिली। विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं ने भी एकजुट होकर बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली।
शादी से जुड़े कारोबारियों ने भी इस अभियान में भागीदारी की। हलवाई, कैटरर्स, सजावट करने वाले, बैंड-बाजा संचालक, टेंट व्यवसायी और शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस मालिकों ने संकल्प लिया कि वे किसी बाल विवाह में शामिल नहीं होंगे। साथ ही, बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।
इस मौके पर बाल विवाह मुक्ति रथों को भी रवाना किया गया। ये रथ विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नारों और संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक करेंगे।
27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय दिवस की मान्यता
27 नवंबर की तारीख को अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में चुना जाना भारत की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया है। इसी दिन वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान की शुरुआत की थी।
बाल विवाह के खिलाफ अलग अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने की अपील सबसे पहले जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संस्थापक भुवन ऋभु ने की थी। मार्च 2026 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के मंच पर इस मांग को दोहराया।
इसके बाद भारत सहित 84 देशों ने मिलकर प्रस्ताव रखा। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 4 सितंबर 2026 को सर्वसम्मति से प्रस्ताव को मंजूरी दी और 27 नवंबर को बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की।
2030 तक बाल विवाह मुक्त दुनिया का लक्ष्य
जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संस्थापक भुवन ऋभु ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है और सभ्य समाज में इसकी कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्वकर्ताओं और बाल विवाह से उबर चुकी बेटियों की अगुवाई में चल रहे आंदोलन ने यह साबित किया है कि सामाजिक बदलाव संभव है।
उन्होंने दुनिया के सभी देशों से निर्णायक कदम उठाने की अपील की, ताकि वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त दुनिया का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
बाल विवाह का उन्मूलन सतत विकास लक्ष्य-5 यानी लैंगिक समानता का भी हिस्सा है। इसके लक्ष्य 5.3 के तहत बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह सहित सभी हानिकारक प्रथाओं को समाप्त करने की प्रतिबद्धता शामिल है।







