बदल रहा मौसम का मिजाज! बिहार-झारखंड में प्री-मानसून बारिश से तापमान गिरा, जल्द आएगा मॉनसून...
Jharkhand Weather Update: बिहार और झारखंड के लोगों को भीषण गर्मी से जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य समय से पहले पूर्वी भारत में सक्रिय हो सकता है. लगातार बदलते मौसम, प्री-मानसून बारिश और तेज हवाओं के कारण दोनों राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. इससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे अनुकूल सिस्टम और नमी वाली हवाओं की वजह से मॉनसून की रफ्तार तेज हुई है. अगर यही स्थिति बनी रही तो बिहार और झारखंड में मॉनसून तय समय से कुछ दिन पहले पहुंच सकता है.
कई जिलों में बारिश और आंधी का असर
पिछले कुछ दिनों से बिहार और झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. कहीं-कहीं तेज हवा और वज्रपात की भी घटनाएं सामने आई हैं. बारिश के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. इससे उमस और लू से परेशान लोगों को राहत मिली है.
झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और हजारीबाग समेत कई इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है. वहीं बिहार के पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई गई है.
किसानों के लिए राहत भरी खबर

समय से पहले मॉनसून आने की संभावना को कृषि क्षेत्र के लिए बेहद सकारात्मक माना जा रहा है. किसान अब धान की बुआई और खेतों की तैयारी में जुट गए हैं. अच्छी बारिश होने से सिंचाई पर खर्च कम होगा और खेती को फायदा मिलेगा.
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मॉनसून संतुलित रहा तो इस साल धान समेत कई फसलों का उत्पादन बेहतर हो सकता है। ग्रामीण इलाकों में किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे और अब मौसम में बदलाव से उम्मीदें बढ़ गई हैं.

मौसम विभाग ने जारी की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की चेतावनी दी गई है. किसानों को भी मौसम अपडेट देखते हुए खेती का काम करने की सलाह दी गई है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बिहार और झारखंड में बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इससे गर्मी का असर कम रहेगा और लोगों को राहत मिलती रहेगी.
बिहार के कई हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट
उधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में जमुई, बांका, खगड़िया, बेगूसराय, दरभंगा, समस्तीपुर और सहरसा सहित कई जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस दौरान धूलभरी आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की गयी है. मौसम विज्ञान केन्द्र पटना ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि अगले चौबीस घंटे के दौरान राज्य के उत्तर-पूर्व जिलों में तेज हवा चालीस से पचास किलोमीटर प्रतिघंटा चल सकती है. साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होने की भी संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम, सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस और बिहार के ऊपर गुजर रही जेट स्ट्रीम की वजह से मौसम पूरी तरह बदला हुआ है. पिछले करीब 15 दिनों से पूर्वा हवाएं लगातार नमी लेकर आ रही हैं, जिसके कारण राज्य में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. यही वजह है कि सामान्य से करीब 180 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है.
रांची में तेज आंधी और वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल
झारखंड में रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार देर रात हुई तेज आंधी और वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. गुरुवार सुबह से ही आंशिक बादल छाए हैं. वहीं देर रात तेज हवा के साथ वर्षापात ने शहर में ठंड का असर बढ़ा दिया है. रांची में पिछले एक सप्ताह से उमस भरी गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया था. पिछले दो दिनों में अचानक उमड़-घुमड़ आए काले बादल जमकर बरसे. झमाझम वर्षा ने रांची और आसपास के क्षेत्रों में तापमान गिरा दिया है. हालांकि तेज आंधी-वर्षा के कारण कई जगहों पर पेड़ और टहनियों के गिरने से कुछ देर के लिए आवागमन ठप रहा.







