देवघर के बच्चों को मिलेगा विज्ञान का नया संसार, करोड़ों की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर बनकर तैयार
Deoghar: Deoghar में बच्चों और युवाओं की वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया अत्याधुनिक साइंस सेंटर अब पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है. इस साइंस सेंटर के शुरू होने से जिले के छात्रों को विज्ञान और तकनीक से जुड़ी नई जानकारियां व्यावहारिक तरीके से सीखने का अवसर मिलेगा.
साइंस सेंटर में आधुनिक विज्ञान मॉडल, 3D गैलरी, इंटरैक्टिव प्रदर्शनी, स्पेस साइंस सेक्शन, रोबोटिक्स और डिजिटल लर्निंग सुविधाएं विकसित की गई हैं. यहां छात्र विज्ञान के सिद्धांतों को केवल किताबों में नहीं, बल्कि प्रयोग और मॉडल के जरिए भी समझ सकेंगे.
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सेंटर बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उन्हें रिसर्च और इनोवेशन की ओर भी प्रेरित करेगा. देवघर और आसपास के जिलों के छात्रों को अब बड़े शहरों की तरह आधुनिक साइंस शिक्षा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी.
इस विज्ञान केंद्र में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से जुड़े कई आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं. जिनकी मदद से छात्र विज्ञान के विभिन्न प्रयोगों को व्यवहारिक रूप से समझ सकेंगे. इसके अलावा झारखंड को खनन प्रदेश के रूप में देखते हुए यहां माइनिंग और इंजीनियरिंग से संबंधित उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं. वहीं मिसाइल निर्माण और न्यूक्लियर साइंस जैसे विषयों से जुड़ी प्रायोगिक जानकारियां भी छात्रों को दी जाएगी.

छठी से 12वीं तक के बच्चे के लिए रहेंगे सुविधा
विज्ञान केंद्र के केयरटेकर विकास कुमार ने बताया कि भवन पूरी तरह तैयार है. यहां छठी से 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. उन्होंने कहा कि जिले के अधिकांश स्कूलों में विज्ञान की पढ़ाई केवल किताबों तक सीमित रह जाती है. जिससे छात्रों को प्रैक्टिकल नॉलेज नहीं मिल पाती. ऐसे में इस विज्ञान केंद्र के शुरू होने से छात्र फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के प्रयोगों को न केवल समझ पाएंगे, बल्कि स्वयं कर भी सकेंगे.
वहीं विज्ञान केंद्र के निर्माण से स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की शैक्षणिक संस्थाओं के खुलने से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर अवसर मिलेंगे और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा. मालूम हो कि देवीपुर प्रखंड को पिछड़े क्षेत्रों में गिना जाता है. ऐसे में यहां विज्ञान केंद्र की स्थापना को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

जल्द होंगे साइंस सेंटर चालू: डीईएस
जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने बताया कि विज्ञान केंद्र शुरू होने से बच्चों के शिक्षा स्तर में सुधार होगा और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा. उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन महीनों में केंद्र को पूरी तरह संचालित कर दिया जाएगा. जिसके बाद जिले के छात्र यहां आकर प्रायोगिक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे.
गौरतलब है कि बच्चों के बीच वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए इस विज्ञान केंद्र की स्थापना एक सराहनीय पहल मानी जा रही है. हालांकि अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि यह केंद्र कब तक पूरी तरह शुरू हो पाता है. जिससे की देवघर जिले के छात्र इसका लाभ उठा सकें.







