नवंबर की ठिठुरन...रांची-खूंटी समेत आधे झारखंड में शीतलहर की दस्तक, 11 जिलों में ठंड का अलर्ट
Jharkhand Desk: झारखंड में नवंबर की दस्तक के साथ मानो सर्द हवाओं ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है. सुबह की धूप हल्की पड़ने लगी है, शामें सिहरन बढ़ाने लगी हैं और ठंडी हवा इतनी तेजी से चल रही है कि लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नज़र आ रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) ने सोमवार को राज्य के 11 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. जहां कल तक केवल 8 जिलों को लेकर अलर्ट जारी किया गया था. आज 11 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. फिलहाल अभी पूर्वी और कुछ दक्षिणी जिले हैं. जो शीतलहर की चपेट से बचे हुए हैं, लेकिन आने वाले एक सप्ताह के अंदर इन जिलों में अच्छी खासी कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है. इसके लिए रांची मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.

ठंडी हवाओं से रहना होगा सावधान
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि खासतौर पर ठंडी हवाओं से लोगों को सावधान रहना पड़ेगा. जो 11 जिलों में हैं. खासतौर पर रांची, खूंटी, सिमडेगा, लातेहार , लोहरदगा, चतरा, गढ़वा, गुमला के लोगों को आज काफी सतर्क रहना होगा. भले रात में इतनी ठंड न लगे, लेकिन ठंडी हवा से बचाव काफी जरूरी है. नहीं तो ठंड लोगों को अपनी चपेट में ले सकती है.
कंपकंपी हवा बिगाड़ रही है तबीयत
कंपकंपी हवा की वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ रही है. रांची के रिम्स में लोग लाइन लगाकर खासतौर पर सर्दी, खांसी, बुखार और ठंड मारने की शिकायत को लेकर आ रहे हैं. हर दिन के मुकाबले अब दुगने मरीज देखने को मिल रहे हैं. ऐसे मौसम केंद्र ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा की शुरुआती ठंड को भूलकर भी हल्के में ना लें. नहीं तो किसी को भी सर्दी अपनी चपेट में ले सकती है.
खूंटी के लोगों का हाल बेहाल
शुरुआती ठंड में अगर कोई जिला इस मामले में सबसे अधिक परेशान है, तो उसे जिले का नाम खूंटी है. दरअसल, खूंटी पूरी तरह जंगल से घिरा हुआ और ग्रामीण एरिया होने की वजह से प्राकृतिक वातावरण हर जगह देखने को मिलता है. इस वजह से यहां का न्यूनतम तापमान हमेशा 5 से 6 डिग्री के बीच में रहता है. यहां पर आलम यह है कि शाम 5:00 बजे के बाद ही लोग अपने घर में दुबक कर अलावा सेकते हुए नजर आते हैं.







