पिछले दिनों से काफी कम हुआ ठंड...अगले 5 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, IMD ने जारी किया मौसम को लेकर अपडेट
Jharkhand Desk: कई बार लोग सोचते हैं कि यह तो हल्की ठंड व हल्की हवा है. तो गर्म कपड़े या मफलर की क्या जरूरत है. लेकिन खासतौर पर बुजुर्ग व बच्चों का ख्याल रखना चाहिए.
Updated: Nov 21, 2025, 11:01 IST
Jharkhand Desk: राजधानी रांची में जहां दो दिन पहले लोग ठंड से ठिठुर रहे थे. वहीं, अब एक पतले स्वेटर से काम चल जा रहा है. न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को ठंड से काफी राहत मिली है. खूंटी, लोहरदगा व गुमला जैसी जिलों का तापमान 10 डिग्री तक चला गया है. वहीं, जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री दर्ज किया गया.
मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 5 दिन तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मुश्किल से एक या दो डिग्री ऊपर नीचे हो सकता है. लेकिन न्यूनतम तापमान लगभग सारे जिलों का 13 से 15 के बीच ही रह सकता है. हालांकि, दिन में ठंडी हवा चलती रहेगी. ऐसे में इस हवा को भी हल्के में ना लें.
हिमालय की ओर से आने वाली हवा की रफ्तार धीमी हुई है. अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई. जहां अधिकतम तापमान 2 दिन पहले तक 23- 24 डिग्री के बीच था. लेकिन अब रांची का 27 डिग्री, जमशेदपुर का 29 डिग्री व चाईबासा का 31 डिग्री दर्ज की गई. यानी कि पहले के मुकाबले 4 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. ऐसे में लोगों को दिन में भी ठंड से थोड़ी राहत है.
कई बार लोग सोचते हैं कि यह तो हल्की ठंड व हल्की हवा है. तो गर्म कपड़े या मफलर की क्या जरूरत है. लेकिन खासतौर पर बुजुर्ग व बच्चों का ख्याल रखना चाहिए. रांची के रिम्स में हर दिन सर्दी, जुकाम और हाई बीपी वाले मरीजों की संख्या बढ़ते जा रही है.







