झारखंड सरकार आज पेश करेगी बजट, 1.59 लाख करोड़ से ज्यादा का हो सकता है बजट..जानिये महिलाओं-बच्चों सहित किन-किन सेक्टर पर होगा सरकार का फोकस
Jharkhand Budget 2026 Updates: झारखंड की हेमंतसरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर आज विधानसभा में बजट पेश करेंगे. राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर मंगलवार दोपहर 12 बजे विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे. यह उनका लगातार दूसरा बजट होगा. माना जा रहा है कि इस बार बजट का आकार करीब 1.59 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है. इसमें एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का योजना बजट रहने की संभावना है. यह अतिरिक्त राशि राज्य में नई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार में खर्च की जा सकती है. बजट में महिलाओं पर खास फोकस रह सकता है.
चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.45 लाख 400 करोड़ रुपए का मूल बजट था, जिसमें 91,741.53 करोड़ रुपए योजना मद में थे. इनमें से 17,073.61 करोड़ रुपए केंद्रीय योजनाओं से जुड़े थे. सूत्रों के अनुसार इस बार भी घाटे का बजट रहेगा, लेकिन किसी नए टैक्स का प्रस्ताव नहीं लाया जाएगा. सरकार का स्पष्ट फोकस सामाजिक क्षेत्र पर रहेगा, जिससे महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग को सर्वाधिक आवंटन मिल सकता है.
आउटकम, जेंडर और बाल बजट भी साथ में
इस बार मूल बजट के साथ आउटकम बजट, जेंडर बजट और बाल बजट भी पेश किए जाने की तैयारी है. चालू वित्तीय वर्ष में 13 विभागों के लिए आउटकम बजट प्रस्तुत किया गया था. इस बार इसकी संख्या बढ़ने की संभावना है और करीब 200 योजनाएं इसमें शामिल हो सकती हैं, जिन पर कुल राशि का लगभग 60 प्रतिशत तक व्यय प्रस्तावित है.
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता, वन एवं पर्यावरण, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य आपूर्ति तथा तकनीकी एवं उच्च शिक्षा समेत कई विभाग इसमें शामिल होंगे। जेंडर बजट के तहत महिला आधारित योजनाओं में 33 प्रतिशत तक का प्रावधान किया जा सकता है। इसमें 17 विभागों की 25 से अधिक योजनाएं शामिल होने की संभावना है.
बजट में कई बड़ी घोषणाएं संभव
बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती हैं. चतरा में भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना, सभी मेडिकल कॉलेजों में कैथ लैब और कैंसर जांच के लिए पेट स्कैन सेंटर, जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन और मेमोग्राफी की सुविधा देने की योजना सामने आ सकती है. रांची में 20 एमटी क्षमता का मिल्क पाउडर उत्पादन केंद्र और उच्च स्तरीय लैब स्थापित करने का प्रस्ताव भी संभावित है.
98 करोड़ रुपए की लागत से बटन तालाब परिसर में फिशरी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की योजना है. इसके अलावा करमटोली से साइंस सिटी, हरमू से डिबडीह और सहजानंद चौक से कांके रोड तक फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा भी की जा सकती है. बजट को लेकर सरकार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.







