Newshaat_Logo

झारखंड में आज भी बारिश के आसार, तेज हवा और ठनका को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी

Ranchi: मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. वहीं गरज के साथ वज्रपात की भी आशंका है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है.
 
JHARKHAND

Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है. राज्य के कई जिलों में मंगलवार को बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. राजधानी रांची समेत संथाल और दक्षिणी झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.

इन जिलों में आज बारिश के आसार

मौसम केंद्र के मुताबिक आज राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य भाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ तेज हवा और वज्रपात हो सकता है. प्रभावित जिलों में खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं. इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में मौसम का असर अपेक्षाकृत कम रहेगा.

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. वहीं गरज के साथ वज्रपात की भी आशंका है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है.

15 मई तक कैसा रहेगा मौसम

मौसम केंद्र के अनुसार 15 मई तक राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होती रहेगी. 13 मई को राज्य के पूर्वी हिस्सों में तेज हवा और वज्रपात की संभावना है. वहीं, 14 और 15 मई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्जन, तेज हवा और बारिश का दौर जारी रह सकता है.

सावधानी बरतने की अपील

मौसम केंद्र ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है. किसानों को भी मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है. रांची समेत अन्य जिलों के तापमान का हाल झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम अपेक्षाकृत संतुलित बना रहा.

कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है. बोकारो में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5.7 डिग्री नीचे रहा. चाईबासा में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और डालटनगंज में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

Weather changes in Jharkhand alert for rain, thunderstorms in many districts today

कहां कितना रहा तापमान

राज्य के प्रमुख जिलों में तापमान की बात करें तो सरायकेला में 35.9 डिग्री, गुमला में 35 डिग्री, देवघर में 34.5 डिग्री, हजारीबाग में 34.4 डिग्री, कोडरमा में 34.2 डिग्री और पाकुड़ में 34.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. वहीं, खूंटी में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और लातेहार में 30.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो अपेक्षाकृत कम रहा.

न्यूनतम तापमान का हाल

पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. सुबह और शाम के समय मौसम सुहाना बना हुआ है. हालांकि दिन में उमस महसूस की जा रही है.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय सिस्टम के सक्रिय होने की वजह से राज्य में मौसम का यह बदलाव देखने को मिल रहा है.अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में मौसम इसी तरह बना रह सकता है.

प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर किसानों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों से मौसम अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है.