Movie prime

रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का आज शपथ ग्रहण, डिप्टी मेयर बने नीरज कुमार, निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए...

Ranchi:  इस चुनाव में भाजपा समर्थित वार्ड संख्या 31 के पार्षद नीरज कुमार ने जीत हासिल की. उन्हें कुल 38 वोट प्राप्त हुए, जबकि महागठबंधन समर्थित वार्ड 44 के पार्षद परमजीत सिंह को 15 वोट मिले और उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इस तरह नीरज कुमार रांची के नए डिप्टी मेयर चुने गए.
 
JHARKHAND

Ranchi: रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को समाहरणालय भवन में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ. इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.

रोशनी खलखो समेत 53 वार्ड पार्षदों ने ली शपथ

समारोह समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित कमरा संख्या 207 और 608 में आयोजित किया गया, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही. कार्यक्रम की शुरुआत रांची नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर रोशनी खलखो के शपथ ग्रहण से हुई. इसके बाद नगर निगम के 53 वार्ड पार्षदों ने सामूहिक रूप से शपथ ली. सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ करने का संकल्प लिया.

शपथ ग्रहण के बाद नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव भी संपन्न कराया गया. इस चुनाव में भाजपा समर्थित वार्ड संख्या 31 के पार्षद नीरज कुमार ने जीत हासिल की. उन्हें कुल 38 वोट प्राप्त हुए, जबकि महागठबंधन समर्थित वार्ड 44 के पार्षद परमजीत सिंह को 15 वोट मिले और उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इस तरह नीरज कुमार रांची के नए डिप्टी मेयर चुने गए.

वहीं, दूसरी ओर बुंडू नगर पंचायत के भी अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. यहां शपथ ग्रहण के बाद उपाध्यक्ष पद पर रविंद्र उरांव को निर्विरोध चुना गया. समारोह में बुंडू नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड सदस्यों ने भी अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया.

Representatives of Ranchi Municipal Corporation and Bundu Nagar Panchayat took oath

इस मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि शहरी विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना और आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

Representatives of Ranchi Municipal Corporation and Bundu Nagar Panchayat took oath

उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि सभी प्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन की दिशा में कार्य करेंगे. कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता रांची, एडीएम (नक्सल), जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सह पंचायती राज पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. समाहरणालय में कार्यक्रम के बाद रांची नगर निगम में पदाधिकारियों ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया.

Representatives of Ranchi Municipal Corporation and Bundu Nagar Panchayat took oath

शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित महापौर, डिप्टी मेयर और बुंडू नगर पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने अपनी-अपनी प्राथमिकताओं को भी साझा किया. उन्होंने शहर और क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया. पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से किया गया. इस शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत में नए नेतृत्व के साथ विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.