Newshaat_Logo

परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों को मिली बड़ी राहत, तैयारी के लिए मिला अतिरिक्त समय..अब 29 मार्च के बजाय 26 अप्रैल 2026 को होगी झारखंड पात्रता परीक्षा...

आयोग के अनुसार परीक्षा 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को राज्य के छह जिलों रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), हजारीबाग और देवघर में आयोजित की जाएगी. 
 
Jharkhand

Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 (JET-2024) को लेकर विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है.

आयोग के अनुसार परीक्षा 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को राज्य के छह जिलों रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), हजारीबाग और देवघर में आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा के जरिए अभ्यर्थियों की शिक्षण और शोध क्षमता के साथ-साथ विषयगत दक्षता का आकलन किया जाएगा.

परीक्षा को लेकर आयोग ने सभी तैयारियां तेज कर दी हैं और अभ्यर्थियों को समय रहते जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है. आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार परीक्षा दो पेपर में आयोजित होगी.

प्रथम पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा. इसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 100 अंकों के होंगे. यह पेपर अभ्यर्थियों की शिक्षण योग्यता, शोध अभिरुचि, तार्किक क्षमता, पठन समझ, विविध सोच और सामान्य जागरूकता की जांच के लिए तैयार किया गया है.

वहीं द्वितीय पेपर में 100 प्रश्न होंगे, जो 200 अंकों के होंगे. यह पेपर अभ्यर्थी द्वारा चयनित विषय पर आधारित होगा और उनके विषय ज्ञान का मूल्यांकन करेगा. दोनों पेपर के लिए कुल 3 घंटे का समय निर्धारित है और बीच में कोई अवकाश नहीं दिया जाएगा.

आयोग ने बताया है कि परीक्षा केंद्रों के आवंटन की सूची 15 अप्रैल 2026 को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी. अभ्यर्थी OTR पोर्टल के माध्यम से अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे.

एडमिट कार्ड 22 अप्रैल 2026 से ऑनलाइन डाउनलोड किए जा सकेंगे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को डाक से नहीं भेजा जाएगा, इसलिए सभी उम्मीदवारों को स्वयं इसे डाउनलोड करना अनिवार्य होगा.

परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, उपस्थिति पत्रक, दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा. इन दस्तावेजों के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा.

परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक और आईरिस जांच की भी व्यवस्था की गई है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सके. अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं.

इसके अलावा आयोग ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाना पूरी तरह वर्जित है.

नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भविष्य की परीक्षाओं से वंचित किया जाना भी शामिल हो सकता है. आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.