Movie prime

डिप्टी मेयर को लेकर सियासी दलों की रेस शुरू, पार्षदों में शुरू हुआ शह-मात का खेल..कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कमेटी पर रार!

Ranchi: इस सबके बीच झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के द्वारा रांची नगर निगम उपमहापौर के लिए बेहतर को-ऑर्डिनेशन के लिए 15 सदस्यीय टीम गठित की है. ये टीम रांची डिप्टी मेयर पद के लिए कांग्रेस के विचारधारा वाले योग्य पार्षद के लिए समन्वय बनाएगा.
 
JHARKHAND POLITICS

Ranchi: रांची नगर निगम में मेयर पद का फैसला होने के बाद अब डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. सभी राजनीतिक दल अपने-अपने पार्षदों को साधने और समर्थन जुटाने में लग गए हैं. हर हाल में डिप्टी मेयर की कुर्सी पर कब्जा के लिए शहर के 53 वार्डों के पार्षद जी-तोड़ कोशिश में जुट गये हैं. इसके लिए जोड़-तोड़ की राजनीति भी तेज हो गयी है. कोई डिनर डिप्लोसी के बीच अपने पक्ष में पार्षदों को एक करने में जुटा है, तो कोई अपने आलाकमान के साथ जाति-जमात व पार्टी लाइन पर भिड़ा है. लोभ-लाभ की कहानी से भी इनकार नहीं है. ऐसे में कुर्सी पर कब्जा किसका होगा यह तो वक्त बतायेगा, पर शह-मात के इस खेल में अभी से दावे-प्रतिदावे शुरू हो गये हैं. कुछ ने तो अभी से अपने को डिप्टी मेयर मानना भी शुरू कर दिया है. होगा क्या यह तो वक्त बतायेगा, पर आज कहानी कुछ वैसे पार्षदों की जिनके दावे में कुछ ज्यादा दम है.

दलीय आधार पर नगर निकाय के चुनाव नहीं होने के बावजूद प्रायः सभी महत्वपूर्ण राजनीतिक दलों ने इस चुनाव में अपने समर्थित प्रत्याशी उतारे थे. बल्कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने दल समर्थित उम्मीदवारों के लिए खूब पसीना भी बहाया था. ऐसे में अब सभी राजनीतिक दलों ने अपना पूरा ध्यान उपमहापौर पद को लेकर लगा दिया है. नगर परिषद, नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद पर भी अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता अपनी जीत सुनिश्चित करना चाहते हैं.

इस सबके बीच झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के द्वारा रांची नगर निगम उपमहापौर के लिए बेहतर को-ऑर्डिनेशन के लिए 15 सदस्यीय टीम गठित की है. ये टीम रांची डिप्टी मेयर पद के लिए कांग्रेस के विचारधारा वाले योग्य पार्षद के लिए समन्वय बनाएगा. अब प्रदेश अध्यक्ष के इसी आदेश पर भी सवाल उठने लगे हैं कि इस तरह की कमेटी सिर्फ रांची के डिप्टी मेयर पद के लिए क्यों बनाया गया है. इसे तो हर जिलों में बनना चाहिए न कि सिर्फ रांची के लिए.

झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जगदीश साहू ने सिर्फ रांची के उप महापौर पद को लेकर बनाये गए पार्टी कमेटी के औचित्य पर सवाल खड़ा किया. उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि राज्य के सभी नगर निगम और नगर परिषद-नगर पंचायत के डिप्टी मेयर/उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की नीति सिद्धांत के करीब वाले पार्षद की जीत सुनिश्चित करने के लिए कमेटी बननी चाहिए. जिससे बेहतर समन्वय के साथ ज्यादा से ज्यादा हमारे लोग उपमहापौर या उपाध्यक्ष बन सके. जगदीश साहू ने उम्मीद जताई कि रांची के बाद अन्य नगर निकाय क्षेत्र के लिए भी जल्द अध्यक्ष केशव महतो कमलेश रांची की तरह कोऑर्डिनेशन कमिटी गठित कर देंगे.

क्या होगी इस कमेटी की जिम्मेदारी?

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की की अध्यक्षता में यह कमेटी बनी है. जो रांची में डिप्टी मेयर पर कांग्रेस विचारधारा वाले पार्षद की पहचान , चुनाव को लेकर कांग्रेस के विचारधारा वाले पार्षदों, उन सभी को एकजुट करने और जीत का आंकड़ा जुटाने का काम करेगी.

सोनाल शांति ने कहा कि उपमहापौर पद और अपने विचारधारा वाले प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने करने के लिए समन्वय बनाने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी हुआ तो सहयोगी दलों के विचारधारा वाले पार्षदों और सहयोगी दलों से भी यह कमेटी बात करेगी.

इस कमेटी में बंधु तिर्की के साथ-साथ सुबोधकांत सहाय, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, कांके विधायक सुरेश बैठा, कृषि विपणन पर्षद के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह सहित 15 नेताओं के नाम शामिल हैं. ये कमेटी निर्वाचित पार्षदों से बातचीत कर कांग्रेस के डिप्टी मेयर के उम्मीदवार के लिए समर्थन जुटाएगी.