बारिश तो रुकी लेकिन हजारीबाग में बारिश के बाद बढ़ा बीमारी का खतरा! डेंगू-मलेरिया को लेकर Health Department Alert
Hazaribagh: जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में अब भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है। घरों के आसपास गड्ढों, टूटे बर्तनों, पुराने टायरों और अन्य जगहों पर बारिश का पानी जमा है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने और घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है।
![]()
जलजमाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क
चक्रवात अर्णब के प्रभाव के कारण हजारीबाग समेत झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई थी। इस दौरान कई स्थानों पर पेड़ गिरने और जलजमाव की स्थिति सामने आई। हालांकि चक्रवात का प्रभाव अब खत्म हो चुका है, लेकिन बारिश के बाद जमा पानी के कारण स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां बनी हुई हैं।
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने लोगों से घर और आसपास के इलाकों में पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है।
डेंगू-मलेरिया समेत इन बीमारियों का बढ़ सकता है खतरा

सिविल सर्जन ने बताया कि बारिश के बाद लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इनमें डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया प्रमुख हैं। रुके हुए पानी में मच्छरों के पनपने की संभावना अधिक रहती है, जिससे संक्रमण फैलने का जोखिम बढ़ जाता है।
इसके अलावा दूषित पानी के संपर्क या सेवन से दस्त, टाइफाइड, गैस्ट्रोएंटेराइटिस और लेप्टोस्पायरोसिस जैसी जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
गड्ढों और नालियों में पानी जमा न होने दें

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि घर के आसपास किसी भी तरह का पानी जमा न होने दें। पुराने टायर, टूटे बर्तन, डिब्बे और अन्य ऐसे सामान, जिनमें बारिश का पानी जमा हो सकता है, उन्हें खाली कर साफ जगह पर रखें।
गड्ढों और नालियों में पानी जमा होने की स्थिति में एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराने की सलाह भी दी गई है। इससे मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकने में मदद मिल सकती है।
पीने के पानी को लेकर भी सावधानी की अपील
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बारिश के दौरान और उसके बाद पीने के पानी को उबालकर या गर्म करके सेवन करने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और किसी भी तरह के बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
मौसमी और वायरल बीमारियों को लेकर अस्पताल अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सदर अस्पताल और स्वास्थ्य व्यवस्था को मौसमी तथा वायरल बीमारियों को लेकर अलर्ट रखा गया है। विभाग जलजमाव वाले क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों की रोकथाम पर भी नजर रख रहा है।
बारिश के बाद रुके पानी में मच्छरों की संख्या बढ़ सकती है। ऐसे में तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर या जोड़ों में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।







