Movie prime

झारखंड में मौसम का खेल, कहीं ठंड तो कहीं भीषण गर्मी..6 मार्च की दोपहर बदलेगा मौसम, 7 से 9 मार्च तक गरज के साथ हल्की बारिश के आसार

Jharkhand Weather Update: 7 और 8 मार्च को राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गरजने वाले बादलों के साथ हल्की वर्षा हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.
 
JHARKHAND

Jharkhand Weather Update: राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा. मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 7 से 9 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाने के साथ मेघ गर्जन और हल्की वर्षा की संभावना है. वहीं तापमान में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. फिलहाल भीषण गर्मी के आसार नहीं हैं, लेकिन दिन में हल्की उमस महसूस हो सकती है.

पूर्वानुमान के मुताबिक 4 और 5 मार्च को राज्य में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा. इन दो दिनों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के बीच रहेगा.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, लेकिन रात का तापमान सामान्य रहेगा. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 6 मार्च की दोपहर बाद से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. शाम के समय आंशिक बादल छाने की संभावना है.

7 और 8 मार्च को राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गरजने वाले बादलों के साथ हल्की वर्षा हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.

9 मार्च को भी कुछ स्थानों पर हल्के बादल और गर्जन की स्थिति बन सकती है, लेकिन 10 मार्च से फिर से मौसम शुष्क होने की संभावना है. आसमान साफ रहेगा और वर्षा की संभावना नहीं है.

मौसम केंद्र ने फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव सामान्य मौसमी गतिविधियों का हिस्सा है.

पांच दिनों में 37-38 डिग्री तक जाएगा पारा

मौसम विभाग द्वारा जारी पांच दिनों के तापमान पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी होगी. 8 मार्च तक कई जिलों में पारा 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. देवघर, धनबाद, दुमका और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 33 डिग्री से बढ़कर 35-36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 14-16 डिग्री से बढ़कर 18-20 डिग्री तक जा सकता है.

गढ़वा, पलामू और चतरा में भी गर्मी का असर अधिक रहेगा. पलामू में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री तक जाने का अनुमान है. रांची, बोकारो और हजारीबाग में पारा 31-34 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में तापमान सबसे अधिक रहने की संभावना है. पश्चिमी सिंहभूम में 38 डिग्री तक तापमान पहुंच सकता है.