झारखंड में मौसम का UP And DOWN जारी, बारिश से फिर बढ़ गई ठंड, 24 घंटे बाद 2-3 डिग्री बढ़ेगा तापमान...
Jharkhand Weather Update: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक 9 मिमी बारिश दर्ज की गई है. बारिश के बाद इलाके का मौसम काफी खुशनुमा हो गया है और लोगों को कड़ी धूप से राहत मिली है. आसमान में लगातार बादलों की आवाजाही से तापमान में गिरावट आई है, जिससे वातावरण ठंडा और सुखद महसूस हो रहा है.
झारखंड की राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस गिरा. बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. सुबह के समय हल्का कुहासा देखा गया, जबकि दिन में आसमान ज्यादातर साफ रहा. तेज धूप के कारण दोपहर में हल्की गरमी का एहसास भी हुआ.
मेदिनीनगर में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री कम हुआ. यहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, चाईबासा में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई. चाईबासा में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. औद्योगिक शहर जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. ठंडी हवाओं और साफ आसमान के कारण सुबह-शाम ठंड का असर बना हुआ है.
उत्तर-पूर्वी झारखंड में बढ़ेगा तापमान
उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री के बीच रह सकता है. 27 फरवरी के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं.
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में अधिकतम तापमान 28 से 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. न्यूनतम तापमान फिलहाल 12 से 15 डिग्री के बीच रहेगा. अगले चार दिनों में सुबह की ठंड कम होने लगेगी. बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 28 से 34 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान 10 से 16 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. खासकर रामगढ़ और गुमला में अभी भी सुबह ठंड का असर ज्यादा है, लेकिन मार्च की शुरुआत के साथ राहत मिलेगी.
पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 13 से 17 डिग्री के बीच रहेगा. पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तक तापमान जाने का अनुमान है, जिससे दिन में गरमी बढ़ेगी.
सुबह कुहासा, दिन में साफ आसमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सुबह के समय हल्का कुहासा रहेगा. दिन में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की संभावना है. तेज धूप के कारण दिन में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक महसूस हो सकता है. हालांकि रात और सुबह के समय हल्की ठंड बनी रहेगी.
झारखंड में अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम
25 फरवरी से 1 मार्च तक अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान है. इससे ठंड में धीरे-धीरे कमी आएगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल किसी बड़े सिस्टम की संभावना नहीं है, इसलिए मौसम स्थिर और शुष्क बना रहेगा. कुल मिलाकर बारिश के बाद बढ़ी ठंड अब ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी. आने वाले दिनों में झारखंड में दिन का तापमान बढ़ेगा और सुबह-शाम की ठंड में भी राहत मिलने लगेगी.







