Movie prime

झारखंड में लेखा सहायक के 384 पदों पर होगी भर्ती, जानिए पूरी जानकारी

झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने वित्त विभाग में लेखा सहायक के पदों पर भर्ती के लिए बड़ा कदम उठाया है। वित्त विभाग में कुल 384 पदों पर बहाली की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड वित्त अवर लेखा सेवा भर्ती, प्रोन्नति और अन्य सेवा शर्त नियमावली को स्वीकृति दे दी है।

प्रशिक्षण के लिए होंगे विशेष प्रावधान
गवर्नर की मंजूरी के बाद वित्त विभाग ने इससे संबंधित गजट प्रकाशित कर दिया है। इसके अनुसार, वरीय लेखा सहायक और लेखा अधीक्षक के पदों पर प्रोन्नति के जरिए नियुक्तियां की जाएंगी। वरीय लेखा सहायक के लिए 217 पद और लेखा अधीक्षक के लिए 70 पद आरक्षित हैं। नियुक्ति के बाद तीन माह का संस्थागत प्रशिक्षण, छह माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण और एक माह का अंतिम प्रशिक्षण अनिवार्य रहेगा। प्रोन्नति के लिए विभागीय समिति का गठन किया जाएगा।

योग्यता और शर्तें
लेखा सहायक के पद के लिए न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट पास रखी गई है। अभ्यर्थियों को कंप्यूटर का ज्ञान होना चाहिए और हिंदी एवं अंग्रेजी टाइपिंग में दक्षता आवश्यक है। हिंदी में टाइपिंग स्पीड 25 शब्द प्रति मिनट और अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए। उम्र सीमा न्यूनतम 18 वर्ष होगी, जिसकी गणना अधियाचना वर्ष की पहली अगस्त से की जाएगी।