Movie prime

15 नवंबर की ये तारीख, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती और उस वक्त के झारखंड आंदोलन की कहानी...

Jharkhand Desk: 15 नवंबर की ये तारीख, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती, झारखंड का स्थापना दिवस है. यह वास्तव में झारखंड राज्य के लिए एक बहुत ही हर्ष और गौरव का क्षण है.
 
Birsa Munda Jayanti 2025

Jharkhand Desk: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया. झंडा मैदान में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मंत्री सुदिव्य कुमार मौजूद रहे. इनके अलावा राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद की भी मौजूदगी रही. इस दौरान मंत्री ने कहा कि 15 नवंबर की ये तारीख, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती, झारखंड का स्थापना दिवस है. यह वास्तव में झारखंड राज्य के लिए एक बहुत ही हर्ष और गौरव का क्षण है.

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड की आजादी के लिए कई आंदोलनकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन समर्पित किया, तब जाकर हमने झारखंड राज्य को राष्ट्रीय पटल पर एक सशक्त एवं समृद्ध झारखंड के रूप में लाकर खड़ा किया है. झारखंड ने अपने पिछले 25 वर्षों के अस्तित्व में विकास के महत्वपूर्ण नए आयाम स्थापित किए हैं.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर एक वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री जनजातीय समुदाय की सदैव चिंता करते हैं और उनके विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं.
इस दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने झारखंड के आंदोलनकारी एवं स्वतंत्रता सेनानियों को भगवान बिरसा मुंडा का मोमेंटो, शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्वीकार करने और बिरसा मुंडा के 'उलगुलान' आंदोलन को सम्मान देने के लिए आयोजित किया गया है, जिसने आदिवासी भूमि अधिकारों और पारंपरिक मान्यताओं की रक्षा की.
डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि आज हम सब मिलकर अपने राज्य का 25वां गौरवशाली वर्ष का उत्सव मना रहे हैं. यह अवसर केवल अतीत की उपलब्धियों को याद करने का नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों के संकल्प को मजबूत करने का है. झारखंड राज्य के साथ गिरिडीह जिले ने इन 25 वर्षों में विकास के अनेक नए आयाम छुए हैं. इस मौके पर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह, एसपी डॉ बिमल कुमार, डीएफओ मनीष तिवारी के अलावा कई लोग मौजूद थे.
ग्रामीण क्षेत्र में भी रही धूम
इधर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में भी कई कार्यक्रम का आयोजन किया गया. महेशलुंडी में मुखिया शिवनाथ साव की अगुवाई में कार्यक्रम का आयोजन हुआ. यहां बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया. कइयों को सम्मानित किया गया.
बांटी गईं मिठाई
वहीं एएसपी अभियान सुरजीत कुमार द्वारा पारसनाथ के सुदूरवर्ती व नक्सल प्रभावित इलाकों में सीआरपीएफ 154 बटालियन के विभन्न कैंप में जवानों के बीच मिठाई बांटी गई. एएसपी ने जवानों के बीच मिठाइयां बांटकर जवानों का हौसला बढ़ाया.
भाजपा ने मनाया गौरव दिवस
इधर भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान गौरव दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया. श्याम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के अलावा भाजपा विधायक मंजू कुमारी, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, जिलाध्यक्ष महादेव दूबे के अलावा दिनेश यादव, नुनुलाल मरांडी, कामेश्वर पासवान समेत कई कार्यकर्त्ता मौजूद थे.