आज खुलेंगे राजधानी रांची का ये जबरदस्त पंडाल, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे इन पूजा पंडालों का उद्घाटन, तैयारियां पूरी
Jharkhand Desk: राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की धूम सुनाई देने लगी है और अब हर गली हर मोहल्ले में माँ दुर्गा के जयकारे की गूंज सुनाई दे रही है. साथ ही हर ओर माहौल भक्तिमय हो चुका है. ऐसे में बीते गुरुवार को रांची के कुछ पूजा पंडालों के पट खोले जा चुके हैं, वहीं आज यानि कि 26 सितंबर को यहाँ के लगभग सभी प्रमुख पंडालों के पट खुलने वाले हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज शुक्रवार की शाम शहर के दो प्रमुख पूजा पंडालों का उद्घाटन करेंगे. इनमें हरमू पंच मंदिर और रातू रोड में आरआर स्पोर्टिंग क्लब दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल शामिल हैं. दोनों पंडालों का उद्घाटन शाम करीब 7 बजे होगा. उद्घाटन को लेकर समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है.

हरमू में होंगे प्रेम मंदिर के दर्शन
हरमू पंच मंदिर में इस साल वृंदावन के प्रेम मंदिर का भव्य प्रारूप तैयार किया गया है. यहां विशाल पंडाल में आकर्षक कारीगरी की गयी है. विभिन्न माध्यमों से कृष्ण लीला के दर्शन हो रहे हैं. विद्युत सज्जा में कृष्ण लीला का रूप नजर आ रहा है. यहां प्राकृतिक चीजों से ही पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है. इसके अलावा भव्य लाइटिंग पंडाल की खूबसूरती में चार चांद लगा रही है.

रातू रोड में दिखेगा वेटिकन सिटी
वहीं रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब दुर्गा पूजा समिति ने इस साल वेटिकन सिटी के प्रारूप पर भव्य पंडाल तैयार किया है. पंडाल की वास्तुकला काफी मनमोहक है. यहां करीब 78 लाख रुपये की लागत से भव्य पंडाल बनाया गया है. वहीं यहां भी पंडाल के आसपास आकर्षक लाइटिंग की गयी है.







