रांची में अपराधियों का दुस्साहस, शराब दुकान में डिमांड ना पूरा होने पर तीन अपराधियों ने चलाई गोली...
Ranchi: तीन हथियारबंद अपराधियों ने एक शराब दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी. चार राउंड गोली चलाने वाले अपराधी शराब की मांग कर रहा था और मना करने पर गाली-गलौज के साथ फायरिंग पर उतर आए.
Mar 4, 2026, 13:07 IST
Ranchi: राजधानी में अपराधियों का दुस्साहस देखने को मिला है. रांची पुलिस के फ्लैग मार्च के कुछ ही घंटे बाद अपराधियों ने एक शराब दुकान में तबाड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी. होली पर चाक-चौबंद सुरक्षा का दावा रांची में फेल होता नजर आया. मंगलवार देर को इसकी ताजा बानगी अनगड़ा थाना क्षेत्र में देखने को मिली.
तीन हथियारबंद अपराधियों ने एक शराब दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी. चार राउंड गोली चलाने वाले अपराधी शराब की मांग कर रहा था और मना करने पर गाली-गलौज के साथ फायरिंग पर उतर आए. गनीमत थी की कोई हादसा नहीं हुआ. लेकिन घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अपराधियों के बेखौफ रूप को साफ बयां कर रही है.
कैसे घटी वारदात
मंगलवार देर रात रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक शराब दुकान पर तीन अपराधी पहुंचे. सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, अपराधी आते ही शराब की डिमांड करने लगे. दुकानदार ने मना किया तो अपराधी भड़क गए. पहले धमकी दी, फिर गाली-गलौज की और अंत में चार राउंड फायरिंग कर दी.
इनमें से तीन गोली दुकान के अंदर चलाई गई, जबकि एक बाहर चलाई. फायरिंग के दौरान अपराधियों ने शराब की बोतलों को भी निशाना बनाया. दहशत के मारे दुकान का एक कर्मचारी मजबूरन उन्हें एक शराब की बोतल भी दी. फायरिंग के बाद तीनों अपराधी बाइक पर फरार हो गए.
तीन की संख्या में अपराधी आए थे. सभी के पास हथियार था. सवाल है कि एक तरफ होली को लेकर हर तरफ पुलिस की चेकिंग चल रही है. वहीं दूसरी तरफ हथियार से लैस तीन अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं. सीसीटीवी में अपराधियों के चेहरे साफ दिख रहा है, साथ ही उनकी आवाज भी रिकॉर्ड हो गई है. जिसमें वे शराब मांगते और धमकाते सुनाई दे रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर अपराधियों की शिनाख्त कर ली गई है. अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम ने बताया की दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग की गई है. फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान हो चुकी है. गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है.







