Newshaat_Logo

झारखंड की 3 ट्रेनें प्रभावित, जानिए नया रूट और बदला हुआ समय...

झारखंड में रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है. दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्यों के लिए ब्लॉक लिया जाएगा. इसका असर रांची रेल मंडल से चलने वाली तीन ट्रेनों पर पड़ेगा.
 
Ranchi

Ranchi: झारखंड में रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्यों को लेकर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण रांची रेल मंडल से चलने वाली कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का मार्ग बदलने के साथ ही हटिया-खड़गपुर और खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया है।

टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का बदलेगा रूट

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस 18 और 21 नवंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी।

इन दोनों तारीखों को ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग चांडिल, पुरुलिया, कोटशिला और मुरी के बजाय चांडिल, गुंडा बिहार और मुरी होकर चलेगी। इससे इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को अपने यात्रा कार्यक्रम की पहले से जानकारी रखनी होगी।

डेढ़ घंटे देर से रवाना होगी हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस

ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन 18, 20, 21 और 22 नवंबर को अपने निर्धारित समय से डेढ़ घंटे विलंब से हटिया स्टेशन से रवाना होगी।

खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस भी होगी लेट

वहीं, ट्रेन संख्या 18035 खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस 18 नवंबर को अपने निर्धारित प्रस्थान समय से एक घंटे विलंब से खड़गपुर स्टेशन से रवाना होगी।

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

आद्रा मंडल में विकास कार्यों के कारण ट्रेनों के रूट और समय में अस्थायी बदलाव किया गया है। ऐसे में टाटानगर, हटिया और खड़गपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का अपडेट जरूर चेक कर लेना चाहिए।