कहीं आंधी-बारिश तो कहीं झारखंड के 20 जिलों में आज बिजली गिरने का अलर्ट, 50 km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
Jharkhand Weather Update: मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर असम और उसके आस-पास के इलाकों में एक चक्रवाती सर्कुलेशन देखने को मिल रहा है. इसकी वजह से निचले स्तर की पछुआ हवाओं में बनी द्रोणिका समूचे उत्तर भारत को प्रभावित कर रही है. यही वजह है कि आज से दिल्ली-NCR समेत यूपी-बिहार और झारखंड में बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है.
रविवार से राज्य के 20 जिलों में तेज हवाओं के साथ आसमान से बिजली गिरने की संभावना है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने इसके साथ ही अगले तीन दिन का पूर्वानुमान जारी किया है. शनिवार को राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
रांची, बोकारो, धनबाद सहित इन जिलों में बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, आज रविवार को रांची, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां और पश्चिम सिंहभूम सहित कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने इस जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
एक तरफ जहां अधिकांश राज्य आंधी-बिजली की चपेट में होगा, वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में मौसम का दूसरा रूप देखने को मिलेगा. इन चार जिलों में तापमान में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है. शनिवार को पलामू राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
16 मार्च को 'ऑरेंज अलर्ट': रांची समेत इन जिलों में बढ़ेगा खतरा
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों का पूर्वानुमान भी जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, 16 मार्च को स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है. रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. कई स्थानों पर आसमान से बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
17 मार्च: राज्य के सभी जिलों में बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं.
18 मार्च: गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर शेष झारखंड में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बिजली कड़कने की संभावना है.







