Movie prime

रामनवमी के दिन झारखंड में आंधी-बारिश का खतरा, लोगों को सतर्क रहने की सलाह...

Ranchi: रामनवमी के मौके पर झारखंड में मौसम ने करवट ली है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवा और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. लोगों को खुले स्थानों और जुलूस के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने भी मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है.
 
JHARKHAND WEATHER

Ranchi: झारखंड में रामनवमी के मौके पर मौसम ने अचानक करवट ली है. राज्य के कई हिस्सों में दोपहर बाद से ही बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने बारिश, वज्रपात, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है.

दरअसल, 27 मार्च को पूरे राज्य में आंशिक रूप से घने बादल छाए रहेंगे. कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और वज्रपात भी हो सकता है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे रामनवमी के जुलूस और आयोजनों पर असर पड़ सकता है. मौसम का सबसे ज्यादा प्रभाव उत्तर-मध्य, दक्षिण-पूर्व और मध्य झारखंड में देखने को मिल सकता है. लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है.

Meteorological Department

शनिवार और रविवार को मौसम कैसा रहेगा

यदि अगले दिनों की बात करें तो 28 मार्च को भी कई जगहों पर गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती है. 29 मार्च को भी मौसम इसी तरह बना रहेगा, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है. हालांकि 30 मार्च को मौसम थोड़ा शांत रहने का अनुमान है, लेकिन 31 मार्च और 1 अप्रैल को एक बार फिर मौसम बदल सकता है और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहे.