SIR अभियान का अंतिम दिन आज, 43.55 लाख इन्यूमरेशन फॉर्म अब भी लंबित; चुनाव आयोग ने मतदाताओं से की अपील
Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत 29 जुलाई इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि है. निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जो मतदाता निर्धारित समय तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा.

निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्य में वर्ष 2026 की मतदाता सूची के आधार पर कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं. इनमें से 2,64,61,801 मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं. अब तक 2,63,76,457 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है. वहीं 2,20,20,994 मतदाताओं के भरे हुए और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है. इन्हीं मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे.
43.55 लाख फॉर्म अब भी लंबित
निर्वाचन आयोग ने बताया कि अभी भी 43,55,463 इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए हैं. इनमें-
- 7,61,755 मृत मतदाता,
- 14,59,029 ऐसे मतदाता जिनका पता नहीं चल सका या जो अनुपस्थित मिले,
- 15,87,496 मतदाता जो स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं,
- 4,34,541 मतदाता जो अन्य स्थानों पर पहले से पंजीकृत पाए गए,
- जबकि 1,12,642 मतदाताओं ने इन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया है.
31 विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन पूरा
आयोग के मुताबिक राज्य के 31 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरी तरह पूरा हो चुका है. शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में भी यह कार्य अंतिम चरण में है और तेजी से पूरा किया जा रहा है.
मतदाताओं से आयोग की अपील
निर्वाचन आयोग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, वे 29 जुलाई तक अपने संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) के पास फॉर्म जमा कर दें. इससे उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल हो सकेगा और मतदान के अधिकार पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी.







