Newshaat_Logo

रांची में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलजमाव; उड़ान सेवाओं पर भी पड़ा असर

 
रांची में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलजमाव; उड़ान सेवाओं पर भी पड़ा असर
Ranchi, Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची में रविवार रात हुई तेज बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं शहर की रफ्तार भी थाम दी। देर शाम शुरू हुई जोरदार बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और हवाई सेवाओं पर भी असर देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार रांची में करीब 31 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। अचानक बदले मौसम के चलते शहर की प्रमुख सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में पानी भर गया। मेन रोड, लालपुर, स्टेशन रोड, लोअर और अपर चुटिया सहित कई इलाकों में लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बारिश का असर रांची एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के कारण पटना से रांची आने वाली एक इंडिगो फ्लाइट को वापस पटना डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा दिल्ली, अहमदाबाद, चेन्नई, हैदराबाद और कोलकाता से आने वाली कई उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा।

मौसम विभाग ने सोमवार को भी रांची समेत राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून झारखंड में संथाल परगना क्षेत्र के रास्ते प्रवेश कर चुका है, लेकिन इसकी रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। अगले कुछ दिनों में मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश और आंधी-तूफान जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं।

रविवार को लातेहार और सिमडेगा जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। लगातार बदलते मौसम के बीच किसानों और आम लोगों को बिजली गिरने तथा तेज हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों के भीतर झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।