दर्दनाक हादसा: झारखंड के पाकुड़ में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से बच्ची समेत 3 की मौत..RPF कर रही हादसे की जांच
Pakur Train Death: झारखंड के पाकुड़ जिले में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में एक पुरुष, एक महिला और एक छोटा बच्चा शामिल है. शवों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. हादसा नगर नबी रेलवे स्टेशन के पास हुआ. सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में ले लिया. आगे की जांच की जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, पाकुड़ के काली तल्ला निवासी चंदन सरदार अपनी पत्नी रिंपा सरदार और तीन वर्षीय बेटी अर्पिता सरदार के साथ विक्रमपुर स्थित अपनी बहन के घर से पैदल लौट रहे थे. इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वे तीनों ट्रेन की चपेट में आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे उन तीनों को संभलने का मौका नहीं मिल सका.
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त ट्रेन संख्या 22302 न्यू जलपाईगुड़ी से हावड़ा की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस थी. ट्रेन के गुजरते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची.
आरपीएफ ने शुरू की जांच
आरपीएफ के एसआई संतोष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक बच्ची, एक महिला और एक पुरुष की मौत हुई है. शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मामले की जांच की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.







