परिवहन विभाग होगा और मजबूत, झारखंड में 21 नए MVI पदों पर होगी नियुक्ति
Jharkhand: झारखंड में परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) के 21 नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है. इस फैसले से राज्य में परिवहन सेवाओं के विस्तार, वाहन जांच प्रक्रिया में तेजी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी.

सरकारी सूत्रों के अनुसार, राज्य में लगातार बढ़ रहे वाहनों की संख्या और परिवहन संबंधी कार्यों के दबाव को देखते हुए लंबे समय से अतिरिक्त MVI पदों की मांग की जा रही थी. अब नए पदों के सृजन के बाद विभिन्न जिलों में निरीक्षण कार्यों और फिटनेस जांच की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा.
नये पदों के आवंटन में कार्यभार को प्राथमिकता दी गई है. अधिसूचना के अनुसार रांची, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम जैसे प्रमुख केंद्रों में दो-दो अतिरिक्त पदों को मंजूरी मिली है. पश्चिमी सिंहभूम, गढ़वा और पाकुड़ में भी दो-दो नए पद सृजित किए गए हैं, जबकि धनबाद, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा, चतरा, साहेबगंज, लातेहार, सिमडेगा और जामताड़ा सहित अन्य जिलों में एक-एक अतिरिक्त पद दिया गया है.
परिवहन विभाग का मानना है कि नए पद सृजित होने से वाहन पंजीकरण, फिटनेस जांच, परमिट सत्यापन और सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन पर बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी. इससे अवैध और बिना फिटनेस वाले वाहनों पर कार्रवाई भी तेज होगी.
क्यों पड़ी अतिरिक्त पदों की जरूरत?
सरकार ने स्पष्ट किया है कि झारखंड के सभी 24 जिलों में पहले से पद स्वीकृत थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वाहनों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. इसके परिणामस्वरूप फिटनेस जांच, ड्राइविंग टेस्ट, राजस्व संग्रह और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों का बोझ काफी बढ़ गया था. इन पदों पर होने वाले वेतन और अन्य खर्चों का वहन परिवहन विभाग के बजट से ही किया जाएगा.
MVI के जिम्मे होंगे ये महत्वपूर्ण कार्य
नये निरीक्षकों की नियुक्ति से विभाग की कार्यक्षमता में सुधार होगा. इनके मुख्य कार्यों में शामिल होंगे
- कमर्शियल और निजी वाहनों की तकनीकी फिटनेस जांच.
- सड़क दुर्घटनाओं के बाद वाहनों का तकनीकी मुआयना
- ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से पहले चालक की दक्षता का परीक्षण
- मोटर वाहन कर (Tax) का संग्रह और प्रदूषण नियंत्रण मानकों की निगरानी.
- आपदा की स्थिति में वाहनों का अधिग्रहण और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाना.
अधिकारियों के मुताबिक, कई जिलों में फिलहाल MVI की कमी के कारण वाहन जांच और परिवहन से जुड़े कई कार्य प्रभावित हो रहे थे. नई नियुक्तियों के बाद विभागीय कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है. साथ ही सड़क हादसों पर नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी.
सरकार के इस निर्णय को परिवहन व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इन पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है. इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे.







