पहली पुण्यतिथि पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि, नेमरा में उनकी भव्य प्रतिमा का होगा अनावरण, कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम हेमंत सोरेन
Ramgarh: झारखंड आंदोलन के जननायक, राज्य गठन के प्रमुख नायकों में शुमार और पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धांजलि, विकास और जनकल्याण का भव्य आयोजन होगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे और दिशोम गुरु की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे.
![]()
गोला प्रखंड के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम के दौरान हजारों लोगों की मौजूदगी में शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। आयोजन को लेकर प्रशासन और सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
प्रतिमा अनावरण के साथ श्रद्धांजलि सभा
दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन 4 अगस्त 2025 को हुआ था। उनकी पहली पुण्यतिथि पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उनके संघर्ष, नेतृत्व और झारखंड राज्य निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया जाएगा. गुरुजी के निधन के बाद उनका पूरा श्राद्ध कर्म भी नेमरा में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुत्र धर्म निभाते हुए सभी प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया था.
12 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
कार्यक्रम को लेकर नेमरा में उत्साह का माहौल है. आयोजन स्थल पर करीब 12 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. बड़ी संख्या में मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता और आम लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रशासन का अनुमान है कि पूरे दिन क्षेत्र में भारी भीड़ रहेगी.
विकास मेला में मिलेगा योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार सुबह करीब 11 बजे होगी। विकास मेला के दौरान राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों को परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा. विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी.
प्रशासन ने संभाली कमान
कार्यक्रम की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने प्रशासनिक पदाधिकारियों, पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों को संयुक्त रूप से ब्रीफ करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए.
डीसी ने मंच व्यवस्था, परिसंपत्ति वितरण, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बिजली, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, जबकि एसपी ने वीआईपी मूवमेंट, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
नेमरा में जुटेगा जनसैलाब
दिशोम गुरु की पहली पुण्यतिथि और उनकी भव्य प्रतिमा के अनावरण को लेकर नेमरा में विशेष माहौल है. श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ यह आयोजन उनके संघर्ष, सामाजिक योगदान और झारखंड आंदोलन की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी अवसर बनेगा. प्रशासन ने आम लोगों, लाभुकों और जनप्रतिनिधियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं.
मुख्य बातें
- 4 अगस्त 2025 को हुआ था दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन.
- पहली पुण्यतिथि पर नेमरा में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम.
- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे आदमकद प्रतिमा का अनावरण.
- विकास मेला में लाभुकों को परिसंपत्तियों का वितरण.
- करीब 12 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था.
- सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण.







