TV, AC और क्या क्या सस्ता...GST में कटौती से मिलेगा कितना फायदा, पूरी जानकारी
Jharkhand Desk: नरेंद्र मोदी सरकार देश के आम लोगों को दशहरा, दीपावली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों से पहले बड़ी राहत देने जा रही है. जी हां, 22 सितंबर, 2025 से पूरे देश में जीएसटी की नई दरें लागू हो जाएंगी. जिससे, इस साल त्योहारों के लिए शॉपिंग करना, पहले की तुलना में सस्ता हो जाएगा. सरकार ने टीवी, फ्रिज, एसी जैसे तमाम इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स पर जीएसटी की दरों को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है.

बताते चलें कि दीपावली के मौके पर पूरे देश में बहुत बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बिक्री होती है. हालांकि यह राहत सभी इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स पर नहीं मिलेगी. सिर्फ एयर कंडीशनर (AC), टेलीविजन (TV) और डिशवॉशर की कीमतों में कमी आएगी, जबकि रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और माइक्रोवेव ओवन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. दरअसल, जिन उत्पादों पर अभी 28% जीएसटी लग रही थी, उन्हीं पर टैक्स दर घटाई गई है. 22 सितंबर से इन पर केवल 18% जीएसटी ही लगेगा. इसके चलते इन आइटम्स की कीमतें घटेंगी. वहीं रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और माइक्रोवेव ओवन पर पहले से ही 18% जीएसटी लागू है, इसलिए उनकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा. ऐसे में अगर आप इनमें से कोई सामान खरीदना चाहते हैं, तो इंतजार करने की जरूरत नहीं है.
कितनी होगी बचत? यहां जानिए कुछ उदाहरण

55 इंच का टीवी
अभी इसकी कीमत लगभग 50,000 है, जिस पर 28% जीएसटी के रूप में 10,937.50 चुकाने पड़ते हैं. नई दर के बाद 18% जीएसटी लगेगा, जिससे टैक्स घटकर 9,000 से कम हो जाएगा और ग्राहक को लगभग 3,906 की बचत होगी.

डिशवॉशर
वर्तमान में 51,000 की कीमत पर 28% टैक्स यानी 11,156.25 देना होता है. नई दर के अनुसार 18% जीएसटी के साथ टैक्स घटकर 7,171.88 हो जाएगा, जिससे ग्राहक को करीब 3,984.38 की राहत मिलेगी.

1.5 टन एयर कंडीशनर (AC)
मौजूदा कीमत 35,000 है. 28% जीएसटी यानी 7,656.25 देना पड़ता है. नई दर लागू होने के बाद 18% टैक्स 4,921.88 होगा. इस तरह कुल 2,734.38 की बचत होगी और एसी की नई कीमत लगभग 32,265.63 हो जाएगी.







