Movie prime

गोवा क्लब हादसे में मारे गए झारखंड के दो भाइयों का अंतिम संस्कार, गांव में पसरा मातम

Khunti: दोनों भाईयों की अर्थियां एक साथ उठायी गई. शव यात्रा फतेहपुर के कारो नदी के तट पर मुक्ति धाम पहुंचा. जहां पूरे विधि-विधान के साथ पिता धनेश्वर महतो ने दोनों बेटों को अलग-अलग मुखाग्नि दी. कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और सरकार से तत्काल आर्थिक सहायता व निष्पक्ष जांच की मांग की.
 
JHARKHAND NEWS

Khunti: गोवा के नाइट क्लब में शनिवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में मारे गए कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर निवासी मोहित मुंडा और लापुंग प्रखंड के फतेहपुर निवासी धनेश्वर महतो के दोनों जवान बेटों प्रदीप महतो और विनोद महतो का शव पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया. शव सोमवार को पैतृक गांव पहुंचते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों की आंखों से आंसू बहने लगे. पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी. तीनों शवों का सोमवार को विधि विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया.

मृतक भाइयों का शव पहुंचा रांची (Photo: Screengrab)

लापुंग थाना क्षेत्र के फतेहपुर में धनेश्वर महतो के दोनों जवान बेटों का शव देखकर पिता धनेश्वर महतो बिलख पड़े. शव को काफिले के साथ एयरपोर्ट से फतेहपुर लाया गया. दोनों भाईयों का पार्थिव शरीर देखकर पिता सहित पूरे परिवार वाले फफक-फफक रो पड़े. उन्हें रोते चित्कार करते देखकर उपस्थित जनसमुदाय, पड़ोसी एवं जनप्रतिनिधियों सहित पदाधिकारियों की आंखें भी छलक पड़ी.

पूर्व मंत्री सह झारखंड सरकार संचालन समन्वय समिति के सदस्य बंधु तिर्की भी फतेहपुर पहुंचे थे. वहीं, मौके पर बीडीओ उषा मिंज, मुखिया सविता उरांव, पंचायत समिति सदस्य के प्रतिनिधि नसीम आलम, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष जयंत बरला, विधायक प्रतिनिधि सुदामा महली, समाजसेवी विष्णु साहु, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधि संदीप साहु सहित दर्जनों लोगों ने दोनों मृत भाईयों को श्रद्धांजलि दी.

दोनों भाईयों की अर्थियां एक साथ उठायी गई. शव यात्रा फतेहपुर के कारो नदी के तट पर मुक्ति धाम पहुंचा. जहां पूरे विधि-विधान के साथ पिता धनेश्वर महतो ने दोनों बेटों को अलग-अलग मुखाग्नि दी. कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और सरकार से तत्काल आर्थिक सहायता व निष्पक्ष जांच की मांग की. भाजपा नेता सन्नी टोप्पो ने कहा कि इस विकट परिस्थिति में पूरा भाजपा परिवार धनेश्वर महतो एवं उनके पूरे परिवार के साथ खड़ा है.