Newshaat_Logo

डिमना लेक में नहाने गए MGM अस्पताल के दो डॉक्टरों की डूबकर मौत, हादसे की जांच शुरू

Jamshedpur: अपने दोस्त को मुश्किल में देख दूसरा साथी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया. लेकिन वह भी अपना संतुलन खो बैठा. देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए और लापता हो गए. वहीं उनके साथ मौजूद तीसरा साथी यश इस हादसे में सुरक्षित बच गया.
 
jharkhand

Jamshedpur: झारखंड के जमशेदपुर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के दो डॉक्टरों की डिमना लेक में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इस घटना के बाद अस्पताल में शोक का माहौल है.

JUNIOR DOCTORS DIED IN JAMSHEDPUR

जानकारी के मुताबिक महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टर्स समीर और सक्षम सिंह का गुरुवार रात करीब 11 बजे ड्यूटी समाप्त हुई थी. इसके बाद वे अपने एक अन्य साथी यश के साथ डिमना लेक पहुंचे. बताया जा रहा है कि एक युवक का मोबाइल पानी में गिर गया था. मोबाइल निकालने के लिए वह पानी में उतरा. लेकिन कुछ ही देर में उसका संतुलन बिगड़ने लगा.

अपने दोस्त को मुश्किल में देख दूसरा साथी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया. लेकिन वह भी अपना संतुलन खो बैठा. देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए और लापता हो गए. वहीं उनके साथ मौजूद तीसरा साथी यश इस हादसे में सुरक्षित बच गया.

दोनों की पहचान काशीडीह निवासी 26 वर्षीय समीर और डाल्टनगंड स्थित बिनेका गांव के 22 वर्षीय सक्षम सिंह के रूप में हुई है. तीसरा डॉक्टर तत्काल घटना की जानकारी अस्पताल में दी. जिसके बाद कई गोताखोरों को बुलाकर रेस्क्यू किया गया. लेकिन दोनों डॉक्टर का पता नहीं चला. इधर सुबह से ही रेसक्यू जारी रहा. काफी मशक्कत के बाद दोनों जूनियर डॉक्टर का शव डिमना लेक से बाहर निकाला गया.

इस घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर और शहर के चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. मामले में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल ने बताया है कि तीनों जूनियर डॉक्टर आधी रात के बाद वहां क्यों गए और घटना कैसे घटी, इस पूरे मामले की जांच की जा रही है.