गिरिडीह में दिल दहला देने वाला हादसा, तीन ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग, दो लोग जिंदा जल गए...
Giridih: दिल्ली को कोलकाता से जोड़ने वाली नेशनल हाईवे पर बड़ी घटना घटी है. यहां एक साथ तीन ट्रकों में आग लग गई है. आग लगने के पीछे दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है. यह घटना डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो के समीप की है. अभी तक जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार कुलगो के पास दो ट्रक पहले से खड़ी थी. ट्रकों में खलासी और चालक सोए हुए थे. इसी बीच बगोदर से डुमरी की तरफ आ रही एक ट्रक ने खड़ी ट्रकों को पीछे से धक्का मार दिया.
इस घटना में धक्का मारने वाली ट्रक समेत तीनों ट्रकों में आग लग गई. जब तक चालक और सहचालक कुछ समझ पाता तब तक आग पूरी तरह से फैल गई. घटना की जानकारी डुमरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुमित कुमार के अलावा इंस्पेक्टर को लगी. सूचना मिलते ही एसडीपीओ के निर्देश पर इंस्पेक्टर एवं डुमरी के थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे.
इसके बाद पुलिस पदाधिकारी ने तुरंत अग्निशमन विभाग को आग की सूचना दी गई. सूचना पर अग्निशमन की टीम भी पहुंच गई. बताया गया कि कोयला और गुड़ लदी ट्रकों के बीच टक्कर हुई है. घटना में एक चालक के झूलसने की बात कही जा रही है.
डुमरी के इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार महतो ने बताया कि ट्रकों के बीच टक्कर के बाद आग लग गई है, जिसमें से तीन ट्रक जल गई है. दमकल की टीम आग बुझाने में जुटी है. आग बुझने के बाद ही साफ हो सकेगा कि नुकसान कितना बड़ा है. ट्रकों के अंदर कोई फंसा है या नहीं यह आग बुझाने के बाद ही क्लियर होगा.
वहीं, डुमरी के एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि तीन ट्रकों में आग लगी है. आग लगने की वजह दुर्घटना रही है. अब आग पर पूरी तरह से काबू पाने के बाद ही नुकसान का पूरा आकलन किया जा सकेगा.







