Newshaat_Logo

Jharkhand SIR पर विधानसभा में हंगामा! हेमंत सरकार ने रखी नई प्रक्रिया की मांग

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में SIR को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच बहस तेज हो गई. JMM विधायक एमटी राजा ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि SIR के नाम पर एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है. वहीं, राज्य सरकार ने मौजूदा प्रक्रिया को जटिल बताते हुए नई और पारदर्शी SOP तैयार करने की मांग की है. सरकार का प्रस्ताव है कि सभी राजनीतिक दलों से चर्चा के बाद ही झारखंड में नए सिरे से SIR कराया जाए.
 
JHARKHAND

विशेष सत्र में उठा मतदाताओं के अधिकार का मुद्दा, JMM विधायक एमटी राजा ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर साधा निशाना; सरकार ने मौजूदा SIR प्रक्रिया को बताया जटिल

Jharkhand Assembly Special Session Live: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राज्य सरकार ने SIR कराने पर सैद्धांतिक सहमति तो जताई है, लेकिन मौजूदा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसमें बदलाव की मांग की है। सरकार का प्रस्ताव है कि सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से चर्चा कर नई, सरल और पारदर्शी प्रक्रिया तैयार की जाए। इसके बाद ही झारखंड में नए सिरे से SIR कराया जाए।

झारखंड विधानसभा विशेष सत्र आज से: SIR पर संकल्प, खनिज...

एमटी राजा ने बीजेपी और चुनाव आयोग को घेरा

राजमहल से JMM विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सदन में SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए एक विशेष समुदाय के लोगों को घुसपैठिया बताकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजमहल क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग दस्तावेजों की समस्या से जूझ रहे हैं।

एमटी राजा के मुताबिक, पश्चिम बंगाल से आकर झारखंड में बसे कई परिवारों के पुराने दस्तावेज बंगाल में हैं। ऐसे दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाने से लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।

38 प्रतिशत से अधिक मतदाता प्रक्रिया से प्रभावित

सरकार की ओर से सदन में रखे गए राजकीय संकल्प के अनुसार, झारखंड में करीब 2.64 करोड़ मतदाता हैं। इनमें लगभग 2.21 करोड़ नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची से बाहर हैं, जबकि सूची में शामिल लगभग 27 प्रतिशत मतदाताओं को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस भेजा गया है।

सरकार का दावा है कि नोटिस के 75 प्रतिशत से अधिक मामले नाम और अन्य जानकारियों में अंतर से जुड़े हैं। इस तरह 38 प्रतिशत से अधिक मतदाता नाम हटने या नोटिस मिलने से प्रभावित हुए हैं।

आदिवासी, मजदूर और महिलाओं की मुश्किलें बढ़ीं

सरकार ने कहा कि झारखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियां दूसरे राज्यों से अलग हैं। आदिवासियों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के लोगों के दस्तावेजों में जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज होने से परेशानी हो सकती है।

सरकार ने यह भी सवाल उठाया कि चुनाव आयोग की ओर से निर्धारित 11 दस्तावेजों में खतियान को शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा प्रवासी मजदूरों, दूसरे राज्यों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों, बुजुर्गों, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को दस्तावेज जुटाने और सत्यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बंगाल के SIR का दिया उदाहरण

सरकार ने पश्चिम बंगाल में हुए SIR का हवाला देते हुए आशंका जताई कि झारखंड में भी बड़ी संख्या में योग्य मतदाता प्रभावित हो सकते हैं। राजकीय संकल्प में बंगाल में 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने और सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित ट्रिब्यूनलों में 38 लाख से अधिक अपीलों का जिक्र किया गया।

सरकार की क्या है मांग?

राज्य सरकार का कहना है कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण जरूरी है, लेकिन इसकी प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे किसी भी योग्य नागरिक का मतदान का अधिकार प्रभावित न हो। सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला देते हुए सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुरक्षित रखने पर जोर दिया है।

सरकार चाहती है कि पहले तकनीकी गड़बड़ियों, दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं और जटिल नियमों को दूर किया जाए। इसके बाद सभी राजनीतिक दलों की सहमति से नई SOP तैयार कर झारखंड में SIR की प्रक्रिया शुरू की जाए।