MMDR Bill पर झारखंड विधानसभा में हंगामा! जयराम महतो ने केंद्र को घेरा, ओडिशा से हुई तुलना
Jharkhand Assembly Special Session: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन खनिज संपदा और राज्य के अधिकारों को लेकर सदन में जोरदार बहस देखने को मिली। MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ लाए गए राजकीय संकल्प पर चर्चा के दौरान चतरा विधायक जनार्दन पासवान, डुमरी विधायक जयराम महतो, आजसू विधायक निर्मल महतो और विधायक सुरेश पासवान ने अपनी-अपनी बात रखी।
चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने झारखंड की तुलना ओडिशा से करते हुए कहा कि राज्य सरकार को अतिरिक्त टैक्स लगाने के बजाय बंद पड़ी 11 खदानों को फिर से चालू कराने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड में 46 प्रतिशत खनन होने के बावजूद राज्य को महज 17 से 18 हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है, जबकि ओडिशा को 46 हजार करोड़ रुपये की आय होती है। उन्होंने बालू खनन के लिए बेहतर टेंडर व्यवस्था लागू करने की भी वकालत की।
वहीं, डुमरी विधायक जयराम महतो ने MMDR संशोधन बिल का विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड देश को करीब 40 प्रतिशत खनिज संपदा देता है, लेकिन यहां के लोगों को विस्थापन और बदहाली का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्थानीय संसाधनों पर राज्य के अधिकार की मांग करते हुए सरकार के संकल्प प्रस्ताव का समर्थन किया।
आजसू ने भी केंद्र के विधेयक पर जताई आपत्ति
विपक्षी दल आजसू ने भी MMDR संशोधन बिल को झारखंड के हितों के खिलाफ बताया। मांडू विधायक निर्मल महतो ने कहा कि पार्टी ऐसे किसी विधेयक का समर्थन नहीं करेगी, जिससे राज्य के अधिकार कमजोर हों। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो ने केंद्रीय कोयला मंत्री को पत्र लिखकर इस पर आपत्ति जताई थी।
सुरेश पासवान ने केंद्र पर लगाया सौतेले व्यवहार का आरोप
विधायक सुरेश पासवान ने राजकीय संकल्प का समर्थन करते हुए कहा कि झारखंड की खनिज संपदा का लाभ दूसरे राज्यों को मिल रहा है, जबकि यहां के गरीब, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए सदन से सड़क तक संघर्ष जारी रहेगा।
फिलहाल विधानसभा के दूसरे दिन की पहली पाली की कार्यवाही समाप्त हो गई। दोपहर 2 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई।







