Newshaat_Logo

Lesliganj Engineering College में खराब खाने पर बवाल! छात्रों का हंगामा, Food Safety Team ने जब्त किए सैंपल

Palamu: इंजीनियरिंग कॉलेज में खराब खाना परोसे जाने की शिकायत को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया. छात्रों की शिकायत के बाद फूड सेफ्टी टीम कॉलेज पहुंची और खाने के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए जब्त किया। टीम अब सैंपल की जांच के बाद ही खाने की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट करेगी. घटना के बाद कॉलेज परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही.
 
JHARKHAND PALAMU

Palamu: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में गुरुवार देर रात छात्रों ने खराब खाना मिलने की शिकायत को लेकर जमकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज के सामने डालटनगंज-पांकी रोड के पास एकत्र हुए और मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

खराब खाना को लेकर लेस्लीगंज इंजीनियर कॉलेज में छात्रों का हंगामा, फूड  सेफ्टी टीम ने सैंपल को किया जब्त

छात्रों का आरोप है कि मेस में उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं दिया जा रहा है। भोजन की गुणवत्ता को लेकर कई तरह की शिकायतें सामने आने के बाद छात्रों ने मामले की जांच और मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायत मिलने पर देर रात पहुंची प्रशासनिक टीम

छात्रों के हंगामे की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीएम संजय पांडेय, लेस्लीगंज के अंचल अधिकारी जागो महतो और फूड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

सदर एसडीएम ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद फूड सेफ्टी टीम ने मेस में तैयार भोजन के साथ-साथ इस्तेमाल की जा रही खाद्य सामग्री के भी कई सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए जब्त किया।

फूड सैंपल जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

सदर एसडीएम संजय पांडेय ने बताया कि छात्रों की शिकायत को गंभीरता से सुना गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। छात्रों की ओर से खराब खाना दिए जाने की शिकायत की गई थी, जिसके बाद फूड सेफ्टी टीम ने भोजन और खाद्य सामग्री के सैंपल जब्त किए हैं।

सैंपल की जांच के बाद ही भोजन की गुणवत्ता और छात्रों की शिकायतों से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कार्रवाई के आश्वासन के बाद शांत हुए छात्र

मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और फूड सेफ्टी टीम की मौजूदगी में छात्रों से बातचीत हुई। सैंपल जब्त किए जाने और पूरे मामले में कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया और वापस हॉस्टल लौट गए।

करीब 200 छात्रों के लिए बनता है खाना

छात्रों ने मेस संचालक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं दिया जा रहा है और खाने की सामग्री को लेकर भी शिकायतें हैं।

जिस मेस को लेकर छात्रों ने शिकायत की है, वहां करीब 200 छात्रों के लिए भोजन तैयार किया जाता है। अब फूड सेफ्टी टीम द्वारा लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट पर सभी की नजर है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि भोजन और खाद्य सामग्री में मानकों का पालन हुआ था या नहीं।