Newshaat_Logo

फिल्म 'रामायण' पर बवाल! झारखंड हाईकोर्ट में PIL, रावण के किरदार से लेकर सीता के संवाद तक पर आपत्ति

झारखंड हाईकोर्ट में फिल्म 'रामायण' के कथित विवादित दृश्यों को लेकर जनहित याचिका दायर की गयी है. अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी ने फिल्म को महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप बनाने और आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने तक इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है. याचिका में रावण के चित्रण, शूर्पणखा और माता सीता से जुड़े प्रसंगों पर आपत्ति जतायी गयी है. साथ ही फिल्म की कुल कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट को देने की मांग भी की गयी है.
 
JHARKHAND

Ranchi: अभिनेता रणबीर कपूर की चर्चित फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले ही कानूनी विवाद में घिरती नजर आ रही है। फिल्म के कथित विवादित दृश्यों को हटाने और इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी है। अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी की ओर से दाखिल याचिका में केंद्र और राज्य सरकार के साथ फिल्म के निर्माता, निर्देशक, लेखक समेत अन्य लोगों को प्रतिवादी बनाया गया है।

Ramayana - Official Trailer

याचिकाकर्ता ने मांग की है कि फिल्म को महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप प्रस्तुत किया जाये। जब तक कथित आपत्तिजनक दृश्यों को नहीं हटाया जाता, तब तक फिल्म के प्रदर्शन और प्रसारण पर रोक लगायी जाये।

रावण के चित्रण पर उठाये सवाल

याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में रावण को भगवान राम से अधिक महत्व दिया गया है, जिससे भगवान राम की छवि प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा 14 वर्ष के वनवास, भरत को राजगद्दी मिलने और लक्ष्मण के व्यवहार से जुड़े प्रसंगों पर भी आपत्ति जतायी गयी है।

शूर्पणखा और माता सीता के दृश्यों पर भी विवाद

याचिकाकर्ता ने शूर्पणखा की नाक काटने के प्रसंग, माता सीता के संवाद और भगवान राम, सीता तथा लक्ष्मण को भागते हुए दिखाने के कथित दृश्य पर सवाल उठाये हैं। मारीच के स्वर्ण मृग वाले प्रसंग में माता सीता के मुंह से 'राम' शब्द निकलने पर भी आपत्ति जतायी गयी है।

फिल्म की कमाई का 50 प्रतिशत राम मंदिर ट्रस्ट को देने की मांग

याचिका में एक और अहम मांग उठायी गयी है। प्रार्थी ने फिल्म की कुल कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने की अपील की है। अब इस मामले में हाईकोर्ट की आगे की कार्यवाही पर नजर रहेगी।