राजकीय सम्मान के साथ बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि, उलिहातू पहुंचेंगे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन...
Khunti: देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 28 मार्च को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू का दौरा करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:40 बजे उलिहातू पहुंचेंगे और करीब एक घंटे तक वहां रहेंगे. इस दौरान वे भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके वंशजों से मुलाकात भी करेंगे. कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति सीधे रांची के लिए रवाना हो जाएंगे.
दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
यह दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि उपराष्ट्रपति बनने के बाद उनका यह पहला उलिहातू दौरा होगा. इससे पहले वे झारखंड के राज्यपाल रहते हुए भी यहां आ चुके हैं. उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
उलिहातू के कंट्रापीढ़ी क्षेत्र और खूंटी स्थित आईओसीएल डिपो के पीछे अस्थायी हेलीपैड का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, इसके साथ ही हेलीपैड स्थल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान भी इसी इलाके में दो अस्थायी हेलीपैड बनाए गए थे.
उलिहातू में उपराष्ट्रपति का एक घंटे का कार्यक्रम
अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने उपराष्ट्रपति के दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि उलिहातू में उनका करीब एक घंटे का कार्यक्रम तय है. बुधवार को एसडीओ दीपेश कुमारी, डीएसपी वरुण रजक और खूंटी थाना पुलिस की टीम ने हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.







