Movie prime

रांची में मौसम का मिजाज बदला, समय से पहले शुरू हुई गर्मी, दिन में 28 डिग्री तक पहुंचा पारा

 

झारखंड में इस बार मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। रांची सहित पूरे राज्य में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, इस साल गर्मी पिछले साल की तुलना में 18 दिन पहले ही महसूस की जाने लगी है।

तापमान के रिकॉर्ड में बदलाव
पिछले साल फरवरी में सबसे गर्म दिन 20 फरवरी था, जब अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। लेकिन इस साल यह रिकॉर्ड फरवरी की शुरुआत में ही टूट गया। 2 फरवरी 2025 को रांची का तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। इस बार फरवरी की शुरुआत में ही न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है।

4 फरवरी 2024 को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, इस साल 4 फरवरी को तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि पूरे फरवरी माह के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

पर्यावरणीय क्षति के कारण बदला मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड में बढ़ती आबादी और पर्यावरण को हो रहे नुकसान के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। जंगलों की अंधाधुंध कटाई और जल स्रोतों के विलुप्त होने से जलवायु असंतुलित हो रही है। उन्होंने बताया कि पहले गर्मियों में दोपहर बाद बारिश सामान्य थी, लेकिन अब पूरे साल में सिर्फ डेढ़ महीने ठंड और डेढ़ महीने बारिश हो रही है, जबकि बाकी 9 महीने गर्मी पड़ रही है।