पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से झारखंड में मौसम बिगड़ा, IMD ने जारी किया अलर्ट
Jharkhhand Weather Update: झारखंड में आज (4 जून) मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इसके पीछे पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और पूर्वी भारत के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन प्रमुख कारण हैं.

मौसम में बदलाव की वजह
मौसम केंद्र के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्र में बना चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 1.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके अलावा इसी प्रणाली से जुड़ी एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना होते हुए तमिलनाडु तक विस्तारित है. पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश के ऊपर भी निचले स्तर का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.

आज कैसा रहेगा मौसम
गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है. राज्य के पूर्वी और आसपास के मध्य भागों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और तेज हवा चल सकती है. मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार कुछ इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
इन क्षेत्रों में दिख सकता है असर
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला समेत राज्य के पूर्वी जिलों में मौसम की गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है. इसके अलावा रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई गई है. राजधानी रांची में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. कुछ स्थानों पर गर्जन वाले बादलों का विकास होने की संभावना है. मौसम में नमी बढ़ने के साथ लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ सकता है.
अगले तीन दिनों तक सक्रिय रहेगा मौसम
मौसम केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम सक्रिय बना रह सकता है. 5 जून को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघगर्जन की संभावना है. 6 जून को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है, जबकि 7 जून को दक्षिणी और मध्य झारखंड में मौसम के अधिक प्रभावी रहने के संकेत हैं. हालांकि 8 और 9 जून से मौसम में सुधार के संकेत मिल रहे हैं. इस दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है. तापमान की बात करें तो अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बावजूद बीच-बीच में होने वाली बारिश से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है.

डाल्टेनगंज अब भी सबसे ज्यादा गर्म
मौसम केंद्र रांची के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं बोकारो में 39.5 डिग्री, चाईबासा में 38.4 डिग्री, जमशेदपुर में 38.1 डिग्री और रांची में 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
रांची का न्यूनतम तापमान सबसे कम
न्यूनतम तापमान की बात करें तो जमशेदपुर सबसे गर्म रात वाला शहर रहा, जहां पारा 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं बोकारो में 27.1 डिग्री, चाईबासा में 25.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 24.9 डिग्री और रांची में 24.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.







