Newshaat_Logo

झारखंड में मौसम का कहर, कहीं राहत की बारिश तो कहीं गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड

Jharkhand Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ जिलों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना है. वहीं, दक्षिणी और पश्चिमी झारखंड के कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे हीट वेव का खतरा बना हुआ है.
 
JHARKHAND

Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ दो तरह के मौसम का असर देखने को मिल रहा है. कहीं तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, तो कहीं भीषण गर्मी और हीट वेव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

 

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ जिलों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना है. वहीं, दक्षिणी और पश्चिमी झारखंड के कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे हीट वेव का खतरा बना हुआ है.

 वहीं उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ जिलों में गर्मी का असर बरकरार रहने के कारण हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है. मौसम केंद्र ने कई जिलों के लिए गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है.

आज यानी 24 जून को कैसा रहेगा मौसम

मौसम केंद्र के मुताबिक रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत मध्य झारखंड के जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और मेघ गर्जन की संभावना है. दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में भी बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.

किन जिलों के लिए अलर्ट जारी

24 जून के लिए मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर शेष क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी झारखंड के जिलों में भी अलग से चेतावनी जारी की गई है. मौसम केंद्र के मुताबिक 24 जून और 25 जून को उत्तर पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा और चतरा में हीट वेव की संभावना जताई गई है. इन जिलों के लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है.

Weather forecast for Jharkhand

25 जून को मौसम कैसा रहेगा

25 जून को भी राज्य में मौसम का रुख लगभग समान रहने का अनुमान है. अधिकांश जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी. मौसम केंद्र ने इस दिन भी राज्य में कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. वहीं पलामू, गढ़वा और चतरा में हीट वेव का खतरा बना रह सकता है.

26 जून को कैसा रहेगा मौसम

26 जून को भी मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार 26 जून को भी कई क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम का यह दौर 28 जून तक जारी रहने की संभावना है, जबकि 28 जून से राज्य के अनेक हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

अगले तीन दिनों में तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है. हालांकि अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है.

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया. डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है. सरायकेला में 38.3 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 38.0 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं रांची में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा.

Weather forecast for Jharkhand

डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बोकारो-थर्मल में 26.2 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 25.4 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 24.6 डिग्री सेल्सियस और रांची में 22.8 डिग्री सेल्सियस किया गया. वहीं लोहरदगा में सबसे कम 21.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.

पिछले 24 घंटे में वर्षा की स्थिति

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बहुत कम या नगण्य वर्षा हुई. हालांकि खूंटी में 33 मिमी वर्षा दर्ज की गई है. वहीं जमशेदपुर में 7.8 मिमी, सरायकेला में 5 मिमी और लोहरदगा में 2.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई.