अंधविश्वास का कैसा खेल: नक्सल प्रभावित टोंटो प्रखंड के हुसिपी गांव में महिला की पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या...
Chaibasa: घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हत्यारों ने महिला के चेहरे और सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए थे...
Feb 5, 2026, 13:08 IST
Chaibasa: जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के हुसूपी गांव में अंधविश्वास ने एक बार फिर एक बुज़ुर्ग महिला की जान ले ली. डायन-बिसाही के आरोप में 57 वर्षीय महिला पवदनी सुरीन की भीड़ ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोगों को संदेह था कि महिला जादू-टोना करती है और इसी कारण गांव में बीमारियां फैल रही हैं.
इसी शक के आधार पर एक समूह ने उनके घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया. लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.
हमले के दौरान महिला चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन डर के कारण कोई भी उन्हें बचाने सामने नहीं आया. बाद में परिजनों और पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम में उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं.
घटना के 12 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है. टोंटो थाना पुलिस जांच की बात कह रही है. इस हत्याकांड के बाद हुसूपी गांव में भय का माहौल है.
कई परिवार अपने घरों में सहमे हुए हैं, खासकर बुज़ुर्ग महिलाएं, जिन्हें भी इसी तरह निशाना बनाए जाने का डर सता रहा है.
सामाजिक कार्यकर्ताओं और मानवाधिकार संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अंधविश्वास के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई है.
मामले को लेकर थाना प्रभारी शिवकुमार हेम्ब्रम ने बताया कि हत्या हुई है. पुलिस जांच कर रही है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.







