चलते-चलते अचानक धधकने लगी भयंकर आग, देखते ही देखते ट्रक बन गया आग का गोला...
Ranchi: देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया. घटना के दौरान हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया...
Feb 10, 2026, 11:53 IST
Ranchi: राजधानी रांची से सटे दशम फॉल थाना क्षेत्र में एनएच-33 यानी रांची-टाटा मार्ग पर सोमवार को तैमारा घाटी के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक खाली ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई.
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया. घटना के दौरान हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया.
आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में ट्रक का केबिन और बॉडी पूरी तरह आग की चपेट में आ गए. आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका.
दशम फॉल थाना प्रभारी प्रशांत गौरव ने बताया कि ट्रक संख्या UP66T-7192 जमशेदपुर से रांची की ओर आ रहा था. तैमारा घाटी स्थित एक लाइन होटल के पास चालक और खलासी वाहन खड़ा कर भोजन करने के लिए नीचे उतरे थे.
इसी दौरान ट्रक के केबिन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया. जब तक चालक और स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने तेजी से पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक जलने लगा.
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
हालांकि तब तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रक खाली था. चालक तथा खलासी वाहन से बाहर थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. समय रहते चालक और खलासी के वाहन से दूर होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लंबी दूरी के दौरान वाहनों की नियमित जांच कराते रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.







